

नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘मृत’ बताने संबंधी कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सोमवार को तीखा पलटवार किया और वित्तीय सेवा कंपनी ‘गोल्डमैन सैक्स‘ के उस अनुमान का हवाला दिया, जिसके अनुसार भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर 2027 में 7.2 प्रतिशत रहने की संभावना है, जो दुनिया की अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में काफी अधिक है।
भाजपा की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब राहुल गांधी लगातार कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के शासन में भारतीय अर्थव्यवस्था ‘मृत’ हो गई है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गांधी भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘‘मृत’’ बताते हैं, लेकिन ‘गोल्डमैन सैक्स’ के अनुमान उनके दावों की पोल खोलते हैं। उन्होंने कहा, ‘भारत : 2027 में जीडीपी वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान। चीन : 4.5 प्रतिशत, अमेरिका : 2.4 प्रतिशत और यूरो क्षेत्र : 0.9 प्रतिशत।’भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ‘‘अस्थिर’’ (फ्रेजाइल) अर्थव्यवस्थाओं में गिने जाने वाले देश से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन गया है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक वृद्धि की दिशा में व्यापक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा, ‘आगे बढ़ते रहें, नयी ऊंचाइयां छूते रहें।’ राहुल गांधी मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की लगातार आलोचना करते रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार की नीतियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर किया है। उन्होंने अर्थव्यवस्था के प्रबंधन को लेकर सरकार पर निशाना साधने के लिए ‘‘मृत अर्थव्यवस्था’’ शब्द का भी इस्तेमाल किया है। पिछले साल राहुल गांधी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की गई भारतीय अर्थव्यवस्था की आलोचना का समर्थन करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को छोड़कर हर कोई जानता है कि देश की अर्थव्यवस्था ‘मृत’ हो चुकी है।