बैरेकपुर में दो और जूट मिलें खुलेंगी, 2200 श्रमिकों को मिलेगा रोजगार

Two More Jute Mills to Reopen in Barrackpore, 2200 Workers to Benefit
कमरहट्टी की प्रवर्तक जूट मिल में फिर शुरू होगा उत्पादन
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बैरकपुर सब डिवीजन के हजारों जूट श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। कमरहट्टी स्थित प्रवर्तक जूट मिल लिमिटेड तथा जगदल स्थित एआई चंपदानी इंडस्ट्रीज लिमिटेड (फाइन यार्न यूनिट) में लंबे समय से जारी कार्य निलंबन (सस्पेंशन ऑफ वर्क) समाप्त कर दोनों मिलों को 27 जुलाई यानी सोमवार से दोबारा चालू करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में कोलकाता के न्यू सेक्रेटेरियट बिल्डिंग में पश्चिम बंगाल सरकार के श्रम विभाग के मंत्री अर्जुन सिंह की अध्यक्षता में मिल प्रबंधन और विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में पश्चिम बंगाल सरकार के विशेष श्रम आयुक्त आशीष सरकार ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। लंबी चर्चा के बाद सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि दोनों मिलों में सोमवार से उत्पादन शुरू किया जाएगा और जल्द से जल्द पूर्ण क्षमता के साथ संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

27 जुलाई से शुरू होगा उत्पादन       

कमरहट्टी की प्रवर्तक जूट मिल में लगभग 1800 श्रमिक कार्यरत हैं, जहां 6 जनवरी 2026 से काम बंद था। वहीं जगद्दल की एआई चंपदानी इंडस्ट्रीज (फाइन यार्न यूनिट) में करीब 400 श्रमिक कार्यरत हैं और वहां 18 मई 2026 से कार्य निलंबित था। बैठक के दौरान मंत्री अर्जुन सिंह ने औद्योगिक शांति बनाए रखने पर जोर देते हुए प्रबंधन को निर्देश दिया कि कर्मचारियों का पीएफ, ईएसआई, वेतन और अन्य सभी वैधानिक बकाया निर्धारित समय सीमा के भीतर चुकाया जाए। मंत्री ने बताया कि पिछले एक महीने में बैरकपुर क्षेत्र की कुल 10 जूट मिलों को दोबारा शुरू कराया गया है, जिससे करीब 20 हजार श्रमिकों और उनके एक लाख से अधिक आश्रित परिवारों को सामाजिक और आर्थिक रूप से बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे राज्य के औद्योगिक पुनरुद्धार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in