

अंडमान द्वीपसमूह में व्यापार और लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा
एपीजय शिपिंग : 1948 से भारत की अग्रणी कंपनी
कंटेनर, बल्क और परियोजना कार्गो के लिए संचालन
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : भारतीय समुद्री क्षेत्र की अग्रणी कंपनी ओपीजय शिपिंग ने अंडमान द्वीपसमूह के लिए अपनी नई शिपिंग सेवा शुरू करने की घोषणा की है, जिससे क्षेत्र में समुद्री संपर्क को मजबूती मिलने के साथ-साथ लॉजिस्टिक्स अवसंरचना को भी नया बल मिलेगा। इस पहल को अंडमान द्वीपसमूह में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वर्ष 1948 में स्थापित एपीजय शिपिंग भारत की सबसे पुरानी और बड़ी निजी शिपिंग कंपनियों में से एक है, जिसकी सेवाएं देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक फैली हुई हैं। परिचालन उत्कृष्टता, नवाचार और ग्राहक-केंद्रित समाधानों पर विशेष जोर देने वाली यह कंपनी समुद्री व्यापार और लॉजिस्टिक्स को सुदृढ़ करने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एपीजय शिपिंग, एपीजय सुरेंद्र समूह का हिस्सा है, जिसके प्रमुख करण पॉल हैं। यह समूह रियल एस्टेट, आतिथ्य, बीमा, शिक्षा और एफएमसीजी जैसे विविध क्षेत्रों में कार्यरत है।
नई शिपिंग सेवा के तहत श्री विजयपुरम (पोर्ट ब्लेयर) के लिए नियमित रूप से निर्धारित यात्राएं संचालित की जाएंगी, जो कंटेनरयुक्त कार्गो, बल्क कार्गो और परियोजना कार्गो सहित विभिन्न प्रकार की माल ढुलाई आवश्यकताओं को पूरा करेंगी। यह पहल अंडमान द्वीपसमूह में व्यापारिक गतिविधियों को समर्थन देने के लिए विश्वसनीय, कुशल और किफायती लॉजिस्टिक्स समाधान प्रदान करने की एपीजय शिपिंग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस सेवा के लिए एपीजय शिपिंग ने विशेष रूप से 3000 टन क्षमता का गियर्ड कार्गो पोत अधिग्रहित किया है, जिसमें दो-दो 60 टन क्षमता के क्रेन लगे हैं। इस पोत को “एपीजे करण-2” नाम दिया गया है, जो मार्च 2026 में अंडमान द्वीपसमूह की अपनी पहली यात्रा करेगा।