कल्याणी हाइवे पर फिर सड़क हादसा : बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत

एक अन्य युवक भी हो गया गंभीर रूप से घायल
Another road accident on Kalyani Highway: A youth died in a bike accident.
सांकेतिक फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर: पूजा के माहौल में जहां लोग उल्लास और भक्ति में डूबे हुए हैं, वहीं एक के बाद एक सड़क दुर्घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। बैरकपुर के मोहनपुर थाना अंतर्गत कल्याणी हाइवे पर मंगलवार की सुबह एक और दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब दो युवक बाइक पर सवार होकर दुर्गा पूजा देखकर कल्याणी से सोदपुर की ओर लौट रहे थे। आमबागान इलाके के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और सड़क पर नियंत्रण खो बैठी, जिससे दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

मोहनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत घायलों को बैरकपुर के बी.एन. बोस अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सौर्यदीप रायचौधरी (23) के रूप में हुई है, जो उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर के डनलप इलाके का निवासी था। दूसरे घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Another road accident on Kalyani Highway: A youth died in a bike accident.
सांकेतिक फोटो REP

गत दिनों भी दो लोगों ने गंवाई थी जान

इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर यातायात नियमों के उल्लंघन और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर कर दिया है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों में कल्याणी एक्सप्रेसवे पर यह तीसरी जानलेवा दुर्घटना है। बीते सप्ताह भी एक और दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो चुकी है।

स्थानीय लोगों और प्रशासन का कहना है कि तेज गति, हेलमेट का प्रयोग न करना और सावधानी में कमी अक्सर ऐसे हादसों का कारण बनते हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने हाल ही में पूजा के दौरान विशेष अभियान चलाया है जिसमें 1,400 से अधिक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। फिर भी हादसों पर पूरी तरह से लगाम नहीं लग पा रही है।

प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें और त्योहारों के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दें, ताकि ऐसे दुखद हादसों को रोका जा सके।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in