

पश्चिम बंगाल में नई सरकार ने बड़ी घोषणा करते हुए ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना की शुरुआत का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि इस योजना की सरकारी प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो जाएगी और उसी दिन से आवेदन फॉर्म भी जारी कर दिए जाएंगे।
कल्याणी में आयोजित प्रशासनिक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरानी ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना को अब ‘अन्नपूर्णा भंडार’ में बदला जा रहा है। इसी तरह ‘स्वास्थ्य साथी’ को ‘आयुष्मान भारत’ से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस नई योजना का लाभ लेने के लिए लोगों को एक निर्धारित फॉर्म भरना होगा, जिसे नबन्न से आधिकारिक तौर पर जारी किया जाएगा। इस प्रक्रिया में संबंधित विभागों के मंत्री, मुख्य सचिव और अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सरकार के मुताबिक, 1 जून से लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹3000 की आर्थिक सहायता भेजनी शुरू कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि जब तक नई योजना के तहत पैसे मिलना शुरू नहीं होता, तब तक लोगों को पुरानी ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना का लाभ पहले की तरह मिलता रहेगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ‘मां कैंटीन’ को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। अब हफ्ते में दो दिन यहां ₹5 में मछली-भात भी मिलेगा।
सरकार का दावा है कि नई योजनाओं के जरिए आम लोगों को राहत देने और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।