सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि अंडमान लॉ कॉलेज की चौथे वर्ष की बी.ए.एल.एल.बी. छात्रा आलिया मजीद को इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में संबोधन का अवसर मिला है। यह समारोह 31 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन में आयोजित किया जाएगा। इस दिन को देशभर में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के रूप में मनाया जाता है।
देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 36 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिनमें से केवल 12 को ही मंच पर भाषण देने का अवसर मिलेगा। इन 12 चुनिंदा युवाओं में आलिया मजीद का नाम शामिल होना न केवल अंडमान लॉ कॉलेज के लिए, बल्कि पूरे द्वीप समूह के लिए गौरव की बात है।
यह आयोजन युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा ‘मेरा युवा भारत (माय भारत)’ संगठन के सहयोग से भव्य स्तर पर किया जा रहा है। इस समारोह में देशभर से युवा प्रतिनिधि, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संस्थानों के अधिकारी शामिल होंगे।
आलिया मजीद ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर इस अवसर को हासिल किया है। उन्होंने मार्च 2025 में राज्य सचिवालय में आयोजित ‘विकसित भारत’ राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त किया था। इस प्रतियोगिता में अंडमान लॉ कॉलेज की अन्य छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। उल्लेखनीय है कि प्रथम तीन स्थान भी इसी कॉलेज की छात्राओं ने प्राप्त किए थे, जिन्होंने बाद में राष्ट्रीय युवा संसद 2025 में द्वीपसमूह का प्रतिनिधित्व किया।
कॉलेज प्रशासन ने आलिया की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि यह सफलता संस्थान की गुणवत्ता शिक्षा और छात्रों के आत्मविश्वास का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आलिया का भाषण देशभर के युवाओं को प्रेरित करेगा और अंडमान के विद्यार्थियों के लिए एक मिसाल बनेगा।
उपायुक्त श्री अर्जुन शर्मा ने भी आलिया को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि इस तरह की उपलब्धियाँ द्वीप समूह के युवाओं की क्षमता और प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में अंडमान के और भी युवा राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय एकता दिवस का यह समारोह न केवल एक स्मरणीय अवसर है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और युवाओं की भूमिका को उजागर करने का भी प्रतीक बनेगा।