युवाओं में स्वतंत्रता संग्राम के प्रति जागरूकता बढ़ाने को अंडमान प्रशासन की पहल

युवाओं में स्वतंत्रता संग्राम के प्रति जागरूकता बढ़ाने को अंडमान प्रशासन की पहल
Published on: 

अंडमान में छात्रों में देशभक्ति जागरूकता

वीर सावरकर की कविता सागर प्राण की 115वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सुझावों पर उठाया गया कदम

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : 12 दिसंबर 2025 को श्री विजयपुरम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप अंडमान एवं निकोबार प्रशासन ने बच्चों और युवाओं में देश के स्वतंत्रता संग्राम तथा वीर सावरकर के आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। यह कार्यक्रम वीर सावरकर द्वारा रचित कविता “सागर प्राण …..” की 115वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस दिशा में कला एवं संस्कृति विभाग, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से छात्रों को राष्ट्रीय स्मारक सेल्युलर जेल भ्रमण के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है। इन शैक्षणिक यात्राओं का उद्देश्य छात्रों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है। स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के छात्र सेल्युलर जेल का निःशुल्क भ्रमण कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि सेल्युलर जेल के शैक्षणिक भ्रमण में छात्रों की भागीदारी में एक वर्ष के भीतर तीन गुना से अधिक वृद्धि हुई है। वर्ष 2024 में 51 स्कूलों के 3,082 छात्रों की तुलना में वर्ष 2025 में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के 144 स्कूलों के 9,395 छात्रों ने भ्रमण किया। शैक्षणिक संस्थान भ्रमण की व्यवस्था के लिए कला एवं संस्कृति विभाग के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। युवाओं को और प्रेरित करने के लिए प्रशासन द्वारा जागरूकता आधारित शैक्षणिक गतिविधियों की भी योजना बनाई जा रही है, जिनमें स्कूल स्तर पर नारा प्रतियोगिता और कॉलेज स्तर पर पुस्तक समीक्षा कार्यक्रम शामिल हैं। इन पहलों के माध्यम से कला एवं संस्कृति विभाग स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को संरक्षित करते हुए भावी पीढ़ी को प्रेरित करने के अपने संकल्प को दोहराता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in