

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मैनिफेस्टेशन विश्वास और स्पष्ट इरादे की एक प्रभावशाली प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। इसमें हम अपने विचारों, भावनाओं और कर्मों को एक निश्चित लक्ष्य की ओर केंद्रित करते हैं। जब मन पूरी एकाग्रता और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य पर टिकता है, तब ब्रह्मांड से जुड़े अवसर स्वतः आकर्षित होने लगते हैं। निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और धैर्य के साथ की गई साधना से इच्छाएँ धीरे-धीरे वास्तविकता का रूप ले लेती हैं। इसी मैनिफेस्टेशन की शक्ति और नए वर्ष की सकारात्मक शुरुआत के अवसर पर भारत की जानी-मानी मोटिवेशनल स्पीकर एवं मैनिफेस्टेशन कोच शिवानी अग्रवाल ने शुक्रवार को अलका जलान फाउंडेशन में आयोजित एक विशेष लाइव सेशन में अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर बना सकता है और आने वाले समय में गुड लक, उत्तम स्वास्थ्य और आर्थिक समृद्धि को आकर्षित कर सकता है। अपने संबोधन में शिवानी अग्रवाल ने “कृतज्ञता” और “आभार” के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समझाया कि आभार व्यक्त करना केवल एक भावना नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक ऊर्जा से भरने का माध्यम है। कृतज्ञ व्यक्ति न केवल मानसिक शांति प्राप्त करता है, बल्कि जीवन में अधिक अवसर और संतुलन भी आकर्षित करता है। अंततः उन्होंने सभी को सकारात्मक सोच, आभार और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।