अमेरिका के उपराष्ट्रपति की पत्नी उषा के पैतृक गांव में उत्सुकता का माहौल

अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस, भारतीय मूल की अपनी पत्नी उषा चिलुकुरी और अपने तीन बच्चों के साथ भारत की चार दिवसीय निजी यात्रा पर दिल्ली पहुंचे
अमेरिका के उपराष्ट्रपति की पत्नी उषा के पैतृक गांव में उत्सुकता का माहौल
Published on: 

वडलुरु (आंध्र प्रदेश) : अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस और उनकी पत्नी उषा के अपने परिवार के साथ सोमवार को चार दिवसीय भारत यात्रा पर पहुंचने से आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के वडलुरु गांव में उत्साह का माहौल है। अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस की पत्नी उषा भारतीय मूल की हैं और वडलुरु उनका पैतृक गांव है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस, भारतीय मूल की अपनी पत्नी उषा चिलुकुरी और अपने तीन बच्चों- बेटे इवान, विवेक और बेटी मीराबेल के साथ भारत की चार दिवसीय निजी यात्रा पर दिल्ली पहुंचे। उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका के शुल्क को लेकर वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ रहा है।

वडलुरु के पीवी रामनैया ने कहा,‘हम सभी को पता चला कि उषा दिल्ली आई हैं। हम वडलुरु के निवासियों की ओर से उत्सुकता से उम्मीद करते हैं कि वह अपनी पैतृक विरासतों को देखने और मंदिरों के दर्शन करने के लिए इस गांव में आएंगी। हम सभी उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’ हालांकि, उषा के यात्रा कार्यक्रम में वडलुरु का नाम शामिल नहीं है। गांव के पूर्व सरपंच पी श्रीनिवास राजू ने कहा, ‘हमें नहीं पता था कि उषा का दौरा इतना आकस्मिक होगा।’ उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिन से खुफिया और राजस्व विभाग के अधिकारी उषा के परिवार और पूर्वजों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए वडलुरु का दौरा करते रहे।

उन्होंने कहा कि अगर हमें उषा के इस दौरे के बारे में एक पखवाड़े या एक महीने पहले पता होता, तो हमारे गांव के बुजुर्ग हैदराबाद या चेन्नई जैसे किसी शहर में जहां वह आने वाली हैं वहीं उनसे मिलने के लिए निकल पड़ते। इसी प्रकार, उषा वेंस की 90 वर्षीय रिश्तेदार सी. संथम्मा ने कहा कि वह अपनी एक रिश्तेदार को इतनी ऊंचाई पर पहुंचते देख बहुत खुश हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News