

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच विदेश सचिव विक्रम मिसरी रविवार से फ्रांस और जर्मनी की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वे पेरिस और बर्लिन में ऊर्जा, व्यापार, रक्षा और वैश्विक मुद्दों पर उच्चस्तरीय वार्ता करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पेरिस में मिसरी फ्रांस के विदेश मंत्रालय के महासचिव मार्टिन ब्रिएंस के साथ भारत-फ्रांस विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे। वार्ता में रक्षा, असैन्य परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, साइबर, डिजिटल क्षेत्र, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
इसके बाद बर्लिन में वे जर्मन विदेश कार्यालय के सचिव गेजा आंद्रेयास वॉन गेय्र के साथ भारत-जर्मनी विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे। यहां व्यापार, निवेश, हरित ऊर्जा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और विकास सहयोग सहित आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत होगी।
मिसरी की पेरिस और बर्लिन में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात होने की संभावना है।