

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार अन्नपूर्णा योजना के तहत सभी पात्र महिलाओं को शामिल करने के लिए सालाना आवंटन को 36,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 48,000 करोड़ रुपये करेगी। कोलकाता के धनधान्य ऑडिटोरियम में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि लाभार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए, नकद अंतरण योजना के लिए 36,000 करोड़ रुपये का शुरुआती बजट आवंटन पर्याप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपना वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने बजट में 36,000 करोड़ रुपये आवंटित किए थे। वह पर्याप्त नहीं होगा। इस योजना को संचालित करने के लिए सालाना 48,000 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी।’’ सीएम ने बताया कि 1.45 करोड़ महिलाओं को पहले ही लाभार्थी के तौर पर मंजूरी मिल चुकी है, जबकि 14 लाख और आवेदनों की जांच चल रही है।
17 अगस्त से पैसे पहुंचने लगे हैं : अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत लाभार्थियों के बैंक खातों में 17 अगस्त से पैसे पहुंचने लगे हैं। पात्र महिलाओं को इस योजना के तहत हर महीने 3,000 रुपये मिलेंगे। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 1.80 करोड़ आवेदन मिले हैं, जिनमें से 10 जुलाई तक जमा किए गए 1.66 करोड़ आवेदनों की जांच की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई से 31 जुलाई के बीच जमा किए गए बाकी 14 लाख आवेदनों की जांच चल रही है। अधिकारी ने कहा कि लाभार्थियों को हर महीने के दूसरे हफ्ते तक सहायता मिल जाएगी।