जीवित मतदाताओं को 'मृत' दिखाने का आरोप, बादुड़िया में किया गया प्रदर्शन

चुनाव आयोग ने मांगी है विस्तृत रिपोर्ट
Allegations of showing living voters as 'dead'; protests held in Baduria.
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : शनिवार को मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) प्रक्रिया के तहत सुनवाई का आखिरी दिन है। लेकिन इससे ठीक पहले बदुड़िया में एक गंभीर आरोप सामने आया है। यहां 33 जीवित मतदाताओं को 'मृत' दिखाकर उनके नाम पर फॉर्म 7 जमा करने का आरोप भाजपा पर लगा है। इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने गहरी साजिश का दावा किया है। वहीं दूसरी ओर प्रभावित मतदाताओं ने बीडीओ कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय प्रशासन ने पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया है, जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय ने इस घटना पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। यह घटना चंडीपुर ग्राम पंचायत के बैना गांव (बूथ संख्या 45) और यशईकाटी-आठघरा ग्राम पंचायत (बूथ संख्या 80) में घटी है। कुल 33 मतदाताओं को फॉर्म 7 के जरिए 'मृत' घोषित कर दिया गया, जबकि वे सभी जीवित हैं। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि भाजपा ने सुनियोजित तरीके से यह काम किया है ताकि उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सके।


बीडीओ ने कहा-मिली है शिकायत, की जायेगी कार्रवाई

मतदाताओं ने आरोप लगाया कि बिना किसी नोटिस या सत्यापन के उनके नाम के आगे 'मृत' लिख दिया गया, जो उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को छीनने की कोशिश है। स्थानीय तृणमूल नेतृत्व का कहना है कि इन 33 लोगों की सुनवाई के बाद संबंधित भाजपा बूथ अध्यक्ष के खिलाफ बदुड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।” इस संबंध में बदुड़िया ब्लॉक के बीडीओ पार्थ हाजरा ने कहा, “कुछ मतदाताओं ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।” इस बीच, राज्य निर्वाचन आयोग ने उत्तर 24 परगना के जिला मजिस्ट्रेट से इस पूरी घटना और चुनावी अधिकारियों के साथ हुई कथित बदसलूकी पर रिपोर्ट मांगी है।

गायघाटा में भी 6 लोगों ने की यही शिकायत

इसी तरह का एक और मामला गायघाटा के धर्मपुर 1 नंबर ग्राम पंचायत के नाईगाछी (बूथ संख्या 148) में सामने आया है। वहां भी एक ही बूथ के 6 जीवित मतदाताओं को मृत दिखाकर फॉर्म 7 जमा करने का आरोप लगा है। बीएलओ (BLO) से संपर्क करने पर मतदाताओं को इस बात की जानकारी मिली। 70 वर्ष से अधिक आयु के अकबर मंडल, हनीफ मंडल, मजीम मंडल, फातिमा बीबी, नूरजहां बीबी और रहीमा बीबी ने कहा, “हम नियमित रूप से वोट देते हैं, फिर भी हमें पता चला कि हमारे नाम पर फॉर्म 7 जमा कर हमें मृत दिखाया गया है। हम जीवित हैं, लेकिन स्थानीय भाजपा नेता ने हमें कागजों पर मृत बनाने की कोशिश की है।”

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in