

नई दिल्ली : NEET-UG 2026 पेपर लीक और CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जंतर-मंतर पर हुए बड़े प्रदर्शन के बाद 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) विवादों में घिर गई है। संगठन के खिलाफ कथित राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और विदेशी फंडिंग के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है।
यह शिकायत ऐसे समय सामने आई है जब CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में हजारों छात्र, युवा पेशेवर और समर्थक शनिवार को जंतर-मंतर पर एकत्र हुए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने पोस्टर और बैनर लेकर भाग लिया और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग उठाई।
अभिजीत दीपके हाल ही में अमेरिका से लौटे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके नेतृत्व में चलाया गया यह अभियान विदेशी फंडिंग से प्रभावित हो सकता है। हालांकि इन आरोपों पर संगठन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रदर्शन में जलवायु कार्यकर्ता Sonam Wangchuk भी शामिल हुए। उन्होंने पहले घोषणा की थी कि यदि 5 जून तक कोई कार्रवाई नहीं होती है तो वह आंदोलन का समर्थन करेंगे।
प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की थी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से पुलिसकर्मियों का फूल देकर स्वागत करने और किसी भी प्रकार के टकराव से बचने का अनुरोध किया था।
प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, दिल्ली की सीमाओं और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली समेत विभिन्न इलाकों में 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
इसके अलावा प्रशासन ने ओला और उबर जैसी कैब सेवाओं की बुकिंग पर भी निगरानी रखी, ताकि जंतर-मंतर की ओर असामान्य गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल शिकायत के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब यह देखना होगा कि जांच एजेंसियां आरोपों की जांच में क्या निष्कर्ष निकालती हैं और CJP इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देता है।