बंगाल में चक्रवाती तूफान और भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल में चक्रवाती तूफान और भारी बारिश का अलर्ट
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी बिहार पर सक्रिय चक्रवाती घेरे और मॉनसून ट्रफ के मिले-जुले असर से पूरे बंगाल में बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को पूर्वी बर्धमान, हावड़ा और हुगली में भारी बारिश के साथ येलो वॉर्निंग जारी की गई है, जहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बुधवार को पूर्वी-पश्चिमी मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुरा और दक्षिण 24 परगना में भी इसी तरह का मौसम रहने की पूरी संभावना है। हालांकि, गुरुवार से भारी बारिश की चेतावनी में कमी आएगी, लेकिन जिन इलाकों में पानी नहीं बरसेगा, वहां उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी।

उत्तर बंगाल में आंधी-तूफान और बारिश का अनुमान

उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में लगातार भारी बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। बुधवार और गुरुवार को यहाँ बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी दर्ज की जाएगी, लेकिन कुछ छिटपुट स्थानों पर आंधी-तूफान आने की आशंका बनी हुई है। इसके विपरीत मालदा तथा उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर में उच्च नमी के कारण उमस भरी बेचैनी बरकरार रहेगी। स्थिति में बदलाव आते ही विभाग ने आगामी शुक्रवार और शनिवार को फिर से तेज बारिश तथा मूसलाधार बौछारों की नई चेतावनी जारी कर दी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in