

अलीपुर मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल में अगले पांच दिनों तक तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गांगेटिक पश्चिम बंगाल से तेलंगाना तक सक्रिय वायुमंडलीय ट्रफ के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है, जिससे राज्य में व्यापक बारिश और तूफान की स्थिति बन रही है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। लगातार बादल और बारिश के कारण अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
दक्षिण बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और पश्चिम मिदनापुर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हावड़ा, हुगली, नदिया और उत्तर 24 परगना में सप्ताह के मध्य में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा।
मछुआरों को मंगलवार और बुधवार को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार के बाद बारिश में कुछ कमी आ सकती है, हालांकि तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।