

नवंबर 1993। उत्तराखंड के पंचूर गांव से एक 21 वर्षीय युवक गोरखपुर के लिए निकला। घरवालों को लगा कि वह नौकरी की तलाश में जा रहा है। लेकिन अजय सिंह बिष्ट के मन में एक अलग ही संकल्प था। वह महंत अवैद्यनाथ का शिष्य बनकर संन्यास का मार्ग अपनाना चाहते थे। उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि उनके इस फैसले के साथ ही उनकी मां सावित्री देवी के जीवन में एक लंबा इंतजार भी शुरू होने वाला है।
अजय के घर छोड़ने के बाद परिवार को कुछ समय तक उनके फैसले की पूरी जानकारी नहीं थी। जब अखबार के जरिए उनके संन्यास लेने की खबर मिली, तो परिवार के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं था। मां सावित्री देवी के लिए बेटे का यह फैसला स्वीकार करना आसान नहीं था। बताया जाता है कि खबर सुनकर वह रो पड़ी थीं। उन्होंने अपने पति आनंद सिंह बिष्ट से गोरखपुर जाकर बेटे को वापस लाने की बात कही थी।
लेकिन अजय का निर्णय बदलने वाला नहीं था। परिवार की चिंता और मां की ममता के बीच उनका संकल्प अपनी जगह कायम रहा। आखिरकार महंत अवैद्यनाथ ने परिवार को समझाया कि उनका बेटा समाज और देश की सेवा के उद्देश्य से इस रास्ते पर आगे बढ़ा है। इसके बाद परिवार ने भी धीरे-धीरे उनके फैसले को स्वीकार किया।
संन्यास के बाद जब अजय घर लौटे, तो वह पहले जैसे बेटे नहीं थे। अब वह योगी आदित्यनाथ थे। परंपरा के अनुसार, वह अपनी मां से भिक्षा लेने पहुंचे। मां ने उन्हें भिक्षा दी और परिवार ने उन्हें संन्यासी के रूप में स्वीकार किया। यह मुलाकात एक नए रिश्ते की शुरुआत थी, जिसमें मां की ममता तो थी, लेकिन साथ रहने का अधिकार और अवसर पहले जैसा नहीं रहा।
वक्त बीतता गया। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने, लेकिन पंचूर में रहने वाली मां के लिए वह आज भी उनके बेटे अजय ही थे। मई 2022 में जब योगी करीब पांच साल बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे, तो सावित्री देवी ने उनसे मिलने की खुशी जाहिर की। उस समय उन्होंने मीडिया से कहा था, “महाराज एक बार गांव आ जाएं, उनकी याद आती है।”
यह छोटा-सा वाक्य उस मां की भावनाओं को बयां करने के लिए काफी था, जिसने अपने बेटे को एक अलग जीवन चुनते देखा और फिर उसकी राह में कभी बाधा नहीं बनी।
शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में सावित्री देवी के निधन के साथ यह इंतजार हमेशा के लिए थम गया। सार्वजनिक जीवन में योगी आदित्यनाथ की पहचान भले ही एक संन्यासी और मुख्यमंत्री की रही हो, लेकिन मां के लिए वह हमेशा अजय ही रहे।