

नयी दिल्ली : थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के विमान के अचानक नीचे आने के मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। बताया जाता है कि लैंडिंग के समय पायलट इन कमांड सीधे खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। डोप टेस्ट के लिए यूरिन सैंपल देने के लिए पायलट को मदद की जरूरत तक पड़ी थी। इससे पहले सामने आया था कि पायलट इन कमांड गांजा पिये हुए था। उसकी लैब रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी।
विमान अचानक 300 फुट नीचे आ गया था
गौरतलब है कि गत चार अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एअरबस A320 फ्लाइट में अचानक टर्बुलेंस होने लगा और विमान ऊंचाई से करीब 300 फुट नीचे आ गया। विमान में आठ क्रू मेंबर सहित 137 यात्री सवार थे। इस घटना में 20 यात्रियों को चोट आयी थी और चार केबिन क्रू मेंबर भी घायल हुए थे। जब विमान तेजी से नीचे आया तो पायलट कॉकपिट के फर्श पर गिरा मिला था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वह अचानक फ्लाइट के नीचे आने की वजह से नीचे गिर गया या फिर इस घटना के पहले से ही वह नीचे फर्श पर था।
क्रू मेंबर ने भी की पायलट की शिकायत
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि विमान के लैंड करने के बाद पायलट ठीक से खड़ा तक नहीं हो पा रहा था। एअरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) के एक जांच अधिकारी ने उसे बताया कि आसपास CCTV कैमरे लगे हैं और उसकी निगरानी हो रही है। इसके बाद उसने पायलट को बैठाने में मदद भी की। जब डोप टेस्ट के लिए पायलट का यूरिन सैंपल लिया जाना था, तब भी जांच अफसर ने उसकी मदद की। केबिन क्रू के एक सदस्य ने भी पायलट के खिलाफ शिकायत की है कि उसने विमान उड़ाने के दौरान गांजे का सेवन किया था।
केबिन अटेंडेंट को पायलट सीट पर बैठने को कहा!
पिछली फ्लाइट के दौरान पायलट जब विमान में वॉशरूम गया तो उसने एक केबिन अटेंडेंट को कुछ समय के लिए उसकी सीट पर बैठने के लिए कहा। अटेंडेंट को पायलट की सीट चलाने में दिक्कत हुई, जिस पर पायलट ने उसे डांटा भी। पायलट ने बाद में फुकेत में पार्टी दी, जिसमें क्रू को बुलाया ताकि झगड़ा सुलझाया जा सके। इसके बाद जब फ्लाइट वापस दिल्ली आ रही थी तब केबिन अटेंडेंट ने केबिन क्रू इन्चार्ज को बताया कि वह विमान के पिछले हिस्से में ही रहना चाहती है, कॉकपिट के पास नहीं। इस बीच AAIB ने कहा है कि घटना की जांच जारी है।