

नई दिल्ली : थाइलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ़्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए हवा के झटकों का सामना करना पड़ा । अचानक हवा में तेज झटके लगन से कई यात्रियों को चोट लगने की सूचना है। हालांकि आधिकारिक तौर पर आंकड़ों की जानकारी अभी नहीं मिली है।
हवा में 300 फ़ीट नीचे आया विमान
खबरों के मुताबिक, फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ़्लाइट में उस समय अफरातफरी मच गई, जब हवा के तेज़ झोंकों की वजह से विमान अचानक करीब 300 फ़ीट नीचे आ गया । इस घटना में कुछ यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मामूली चोटें आईं। आशंका जतायी जा रही है कि ऐसा टर्बुलेंस या हवा के ऊपर-नीचे के बहाव की वजह से हुआ हो सकता है। यह फ़्लाइट सुबह 8:25 बजे फुकेत से रवाना हुई और सुबह 11:50 बजे (भारतीय मानक समय) दिल्ली में सुरक्षित उतरी । लैंडिंग के बाद सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बाहर निकल आए ।
कई यात्रियों को लगी चोट
एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, विमान दिल्ली में सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर आ गए। अभी तक किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। जिन कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं और जिन्हें मेडिकल जांच की ज़रूरत है, उन्हें एहतियात के तौर पर जांच और देखभाल के लिए एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ़ द्वारा एयरपोर्ट पर ही मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई एयर इंडिया के लिए सबसे ज़रूरी है। हम प्रभावित लोगों को हर ज़रूरी मदद दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।
कुछ यात्रियों को गंभीर चोट लगने की सूचना
वीडियो में एक पुरुष यात्री को एम्बुलेंस में ले जाते हुए देखा गया। उसके चेहरे और सिर पर पट्टी बंधी थी, जिससे उसकी एक आंख पूरी तरह ढकी हुई थी। जोकि टर्बुलेंस की घटना में लगी चोट की गंभीरता को दिखा रहा था। एयर इंडिया की एक महिला क्रू मेंबर को व्हीलचेयर पर ले जाते हुए देखा गया, जिसके गले में कॉलर लगा हुआ था।