

नयी दिल्ली : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को वायुसेना से कहा वह आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप के मद्देनजर अपनी तैयारियां मजबूत बनाये रखे। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि वायुसेना ‘अचानक हमले’ के तत्व के आक्रामक और रक्षात्मक, दोनों पहलुओं को भी मजबूत करे।
संभावित खतरों की पहचान पर जोर
रक्षामंत्री ने वायुसेना कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए खुफिया और निगरानी क्षमताओं को लगातार मजबूत करने तथा संभावित खतरों के सामने आने से पहले ही उनकी पहचान करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हमारे रक्षा बल को ऐसी क्षमताएं और तरीके विकसित करने चाहिए, जिससे दुश्मन को प्रतिक्रिया देने या संभलने का समय न मिले। साथ ही, हमें दुश्मन की किसी भी अप्रत्याशित कार्रवाई के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में संघर्ष पारंपरिक युद्ध के मैदानों के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी लड़े जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अचानक हमले की स्थिति पारंपरिक और इलेक्ट्रॉनिक, दोनों तरह से पैदा हो सकती है। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी खुफिया और निगरानी प्रणालियों को और मजबूत करना होगा तथा अभियान संबंधी तैयारियों को बेहतर बनाना होगा, ताकि हमारे जवान सतर्क, फुर्तीले रहें और उभरती किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने में सक्षम हों।
रूस-यूक्रेन और इजराइल-हमास संघर्षों का जिक्र
रूस-यूक्रेन और इजराइल-हमास संघर्षों का उल्लेख करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि ड्रोन और हवाई रक्षा प्रणालियां आधुनिक युद्ध के महत्वपूर्ण हिस्से बनकर उभरी हैं। उन्होंने वायुसेना के कमांडरों से कामिकाजे ड्रोन, निगरानी और ड्रोन रोधी अभियानों जैसी उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भविष्य के संघर्षों में जीत केवल विमानों की संख्या पर ही नहीं, बल्कि तकनीकी दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया और सटीक तैयारियों पर भी निर्भर करेगी। अग्निवीर को दो साल का सेवा विस्तार दिए जाने के बारे में सिंह ने कहा कि यह फैसला रक्षा बल से मिले सुझावों के आधार पर लिया गया है।