भारत में रोजगार पर AI का अभी तक नहीं दिखा असरः मूडीज

मूडीज ने कहा कि जिंसों की लगातार मांग कुछ धातु और ऊर्जा उत्पादक देशों की वृद्धि का प्रमुख आधार बनी रहेगी
New Delhi
मूडीज रेटिंग्स
Published on: 

नयी दिल्ली : कृत्रिम मेधा (AI) से उत्पादकता बढ़ने की संभावना है, वहीं सूचना प्रौद्योगिकी (IT) सेवाओं और BPO क्षेत्र पर अधिक निर्भरता वाले उभरते बाजारों में रोजगार के अवसर प्रभावित होने का जोखिम भी है। हालांकि भारत में अभी तक इसका कोई स्पष्ट असर नहीं देखा गया है।

मूडीज रेटिंग्स ने गुरुवार को अपनी रिपोर्ट ‘वैश्विक उभरते बाजार परिदृश्य 2027’ में कहा कि अधिकांश उभरते बाजारों के लिए कंप्यूटिंग क्षमता, डिजिटल बुनियादी ढांचे और कौशल तक अपर्याप्त पहुंच AI से मिलने वाले लाभ हासिल करने की उनकी क्षमता को तेजी से प्रभावित कर सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार 2027 में सबसे बड़ी उभरती अर्थव्यवस्थाओं की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि दर मोटे तौर पर 2026 के समान रहने की उम्मीद है। पश्चिम एशिया में संघर्ष कम होने की स्थिति में वृद्धि दर कुछ बढ़ सकती है। मूडीज ने पहले ही भारत की वित्त वर्ष 2026-27 की वृद्धि दर का अनुमान 6.5 प्रतिशत से बढ़ाकर सात प्रतिशत कर दिया है।

मूडीज ने कहा कि जिंसों की लगातार मांग कुछ धातु और ऊर्जा उत्पादक देशों की वृद्धि का प्रमुख आधार बनी रहेगी, लेकिन कुल मिलाकर वृद्धि धीमी होगी और अलग-अलग देशों में इसमें काफी अंतर रहेगा। अनुकूल नीतियों से समर्थित उपभोक्ता खर्च और उल्लेखनीय विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) भी कई उभरते बाजारों की वृद्धि को सहारा देंगे।

रिपोर्ट कहती है fp सॉफ्टवेयर, IT और बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) क्षेत्र पर अधिक निर्भरता वाले उभरते बाजारों में AI उत्पादकता बढ़ाने के साथ रोजगार के अवसरों को प्रभावित करने का जोखिम भी पैदा कर सकता है। हालांकि सबसे अधिक असर की संभावना वाले भारत और फिलिपीन जैसे देशों में भी फिलहाल किसी रुझान का स्पष्ट संकेत नहीं है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News