

तिराना : दक्षिण-पूर्वी यूरोप के बाल्कन प्रायद्वीप के एक देश है अल्बानिया। इसने नए मंत्रिमंडल में एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) ‘मंत्री’ को शामिल करने का ऐलान किया है, जो सार्वजनिक वित्त पोषण परियोजनाओं के सुचारू संचालन और सरकारी निविदाओं में भ्रष्टाचार से लड़ने की प्रभारी होगी। इसको लेकर यहां की प्रधानमंत्री एडी रामा ने कहा कि डिएला, जिसके नाम का अल्बानियाई भाषा में अर्थ ‘सूर्य’ है, मंत्रिमंडल की एक ऐसी सदस्य है जो शारीरिक रूप से मौजूद नहीं है, बल्कि एआई से आभासी रूप से बनाई गई है।
रामा ने कहा कि डिएला यह सुनिश्चित करने में मदद करेगी कि सरकारी निविदाएं 100 प्रतिशत भ्रष्टाचार मुक्त हों। पारंपरिक अल्बानियाई लोक पोशाक पहने डिएला को इस साल की शुरुआत में ई-अल्बानिया सार्वजनिक सेवा मंच पर एक आभासी सहायक के रूप में पेश किया गया था, जहां वह उपयोगकर्ताओं को साइट पर सेवाओं का लाभ लेने में मदद करती है।
अल्बानिया में 11 मई को हुए संसदीय चुनावों में 140 विधानसभा सीटों में से 83 सीटें जीतकर रामा की सोशलिस्ट पार्टी ने लगातार चौथी बार सत्ता हासिल की। कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि डिएला की आधिकारिक स्थिति स्थापित करने के लिए और अधिक काम करने की आवश्यकता हो सकती है। अल्बानिया में 1990 में कम्युनिस्ट शासन के पतन के बाद से देश में भ्रष्टाचार एक प्रमुख मुद्दा बना हुआ है।
कहां है अल्बानिया : दक्षिण-पूर्वी यूरोप के बाल्कन प्रायद्वीप स्थित एक देश है, जिसकी तटरेखा एड्रियाटिक और आयोनियन सागर से लगती है। यह यूनान, मोंटेनेग्रो, कोसोवो और मैसिडोनिया जैसे देशों से घिरा हुआ है। इसकी राजधानी तिराना है।