‘वोट चोरी’ के बाद अब ‘हक-हुकूक चोर’ की तैयारी में सरकार : कांग्रेस

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा
New Delhi
जयराम रमेश
Published on: 

नयी दिल्ली : कांग्रेस ने सामाजिक कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान के लिए आधार के स्थान पर मतदाता पहचान पत्र (वोटर ID) इस्तेमाल किये जाने की कथित योजना को लेकर गुरुवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि क्या यह मोदी सरकार की आधिकारिक नीति है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि ‘वोट चोरी’ तो केवल ट्रेलर है और पूरी पिक्चर ‘हक-हुकूक चोरी’ की है। रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि केंद्रीय पंचायती राजमंत्री राजीव रंजन सिंह ने पिछले कुछ दिनों में दो बार कहा है कि सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों के लाभार्थियों की पहचान के लिए आधार की जगह वोटर ID का इस्तेमाल किया जायेगा।

उन्होंने सवाल किया कि क्या यह अब मोदी सरकार की आधिकारिक नीति है? कांग्रेस नेता का कहना था कि यदि ऐसा है तो इसका मतलब होगा कि आधार का इस्तेमाल उस प्राथमिक उद्देश्य के लिए नहीं किया जायेगा, जिसके लिए इसकी परिकल्पना की गई थी और इसे तैयार किया गया था।

रमेश ने कहा कि आधार के इस्तेमाल के तरीके को लेकर पहले भी उचित चिंताएं जतायी जाती रही हैं। उनके अनुसार इसके कारण लाखों लोग सामाजिक कल्याण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित हुए हैं।

रमेश ने आशंका जताई कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लाभार्थियों की पहचान का आधार बनाने से बड़े पैमाने पर लोगों को योजनाओं के दायरे से बाहर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी तो सिर्फ ट्रेलर है। पूरी पिक्चर हक-हुकूक चोरी की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News