कृष्णानगर के बाद अब ताहेरपुर में छात्रा की बेरहमी से हत्या

After Krishnanagar, now a student was brutally murdered in Taherpur.
अभियुक्त को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस REP
Published on

नदिया : नदिया जिले में प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले महीने कृष्णानगर में हुई हत्या के बाद अब ताहेरपुर में एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सिरफिरे आशिक ने 10वीं कक्षा की छात्रा की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी शुभ मंडल (19) को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे इलाके में एक बार फिर से डर और गुस्सा पैदा कर दिया है।

कृष्णानगर की घटना की यादें ताजा

यह दुखद घटना ऐसे समय में हुई है जब पिछले महीने की कृष्णानगर की घटना की यादें अभी भी लोगों के मन में ताजा हैं। उस समय, इशिता मल्लिक नाम की एक छात्रा को उसके प्रेमी देशराज ने गोली मारकर सिर्फ इसलिए हत्या कर दी थी क्योंकि उसने रिश्ता खत्म कर दिया था। उस घटना के आरोपी देशराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और वह फिलहाल जेल में है। ताहेरपुर की इस नई घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रेम संबंध तोड़ने पर कुछ सिरफिरे लोग कितने हिंसक हो जाते हैं।

After Krishnanagar, now a student was brutally murdered in Taherpur.
किशोरी की मौत पर बिलखता परिवार REP

क्या हुआ था शुक्रवार की रात?

यह घटना शुक्रवार की रात ताहेरपुर थाना क्षेत्र के बीरनगर इच्छापुर में हुई। मृतक छात्रा उसी इलाके की रहने वाली थी। आरोपी शुभ मंडल भी उसी क्षेत्र का निवासी है। शुक्रवार शाम को छात्रा ट्यूशन पढ़ने गई थी, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं लौटी, तो उसके माता-पिता और अन्य परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

देर रात, परिजनों को एक तालाब के किनारे छात्रा का खून से लथपथ शव मिला। यह देखते ही उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच और परिजनों के आरोप

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी शुभ मंडल काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था और उस पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। बार-बार मना करने और प्रस्ताव ठुकराने पर आरोपी इतना नाराज हो गया कि उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

परिजनों का आरोप है कि शुभ ने उनकी बेटी को कहीं से उठाया और फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस आरोप के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभ मंडल को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के सही कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। इस घटना ने समाज में बढ़ते अपराध और प्रेम संबंधों में हिंसक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in