55 दिनों बाद राज्य में 17.9 डिग्री पर पहुंचा पारा

पश्चिमी तूफानों के असर से बंगाल में बढ़ा तापमान
55 दिनों बाद राज्य में 17.9 डिग्री पर पहुंचा पारा
Published on

एक नजर इन आंकड़ों पर

कोलकाता : 17.9 डिग्री (न्यूनतम तापमान)

दमदम : 17.5 डिग्री

बांकुड़ा-बीरभूम : 13-14 डिग्री

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जनवरी की शुरुआत में कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुरा दिया था, लेकिन महीने के आखिरी दिनों में सर्दी मानो गायब सी हो गई है। सुबह के समय हल्की ठंड जरूर महसूस हो रही है, लेकिन दिन चढ़ते ही तापमान तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते 55 दिनों में सबसे अधिक है। गत गुरुवार को जहां शहर का न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री था, वहीं एक हफ्ते के भीतर रात का तापमान लगभग 18 डिग्री तक पहुंच गया है। दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम में इस बदलाव से साफ संकेत मिल रहे हैं कि जनवरी के अंत में ही सर्दी ने दम तोड़ दिया है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5-6 दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। फरवरी के दूसरे पखवाड़े से सुबह और रात की हल्की ठंड भी धीरे-धीरे गायब हो सकती है। मार्च से तेज गर्मी और अप्रैल में लू चलने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि 2026 में लौट रहे ‘एल नीनो’ के कारण इस साल गर्मी पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है। साथ ही साउथ बंगाल में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा।

जानें कैसा रहेगा उत्तर बंगाल का हाल

एक तेज पश्चिमी तूफान के असर से उत्तर बंगाल में हवा का रुख थोड़ा बदल रहा है। दार्जिलिंग में हल्की बर्फबारी की संभावना है। इसके साथ ही बारिश का भी अनुमान है। कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर जिलों में एक-दो जगह पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। सिक्किम में बारिश और बर्फबारी की प्रबल संभावना है। इसका असर दार्जिलिंग पर भी पड़ेगा। नॉर्थ बंगाल में अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाया रहेगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in