

नई दिल्ली : आभूषण क्षेत्र की कंपनी अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) 23 जून को लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने आईपीओ के लिए 130 रुपये से 138 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।
यह आईपीओ पूरी तरह नए शेयरों के निर्गम पर आधारित होगा। कंपनी इसके जरिए करीब 165.15 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। आईपीओ में 1.19 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे।
जयपुर स्थित अद्वित ज्वेल्स का आईपीओ 23 जून को खुलेगा और 25 जून को बंद होगा। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नितिन गिलारा ने बताया कि कंपनी अपने बी2बी कारोबार को बनाए रखते हुए अगले तीन वर्षों में देशभर में 30 नए रिटेल शोरूम खोलने की योजना बना रही है।
कंपनी का लक्ष्य सीधे ग्राहकों तक अपनी पहुंच बढ़ाना और खुदरा कारोबार का विस्तार करना है।
इन्वेस्टर कम से कम 100 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं, और उसके बाद 100 इक्विटी शेयरों के मल्टीपल्स में ही दांव लगा पाएंगे आज की तारीख में कंपनी के कुल 3,38,42,000 इक्विटी शेयर आउटस्टैंडिंग हैं, जिनकी फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर है। इस आईपीओ के तहत 1,19,68,000 इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू (नए शेयर) जारी किए जा रहा हैं।
इस फ्रेश इश्यू से मिलने वाले पैसों में से 65करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी की वर्किंग कैपिटल (रोजमर्रा के कामकाज के खर्च) की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। वहीं, 65करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी पर बकाया कुछ कर्जों को पूरा या आंशिक चुकाने के लिए होगा। बाकी बची रकम सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों (जनरल कॉर्पोरेट पर्पज) पर खर्च की जाएगी।
अद्वित ज्वेल्स भारत में रत्नों और गहनों के सबसे बड़े गढ़ राजस्थान के जयपुर में स्थित है। यह कंपनी पारंपरिक और आधुनिक,दोनों तरह के हाथ से बने बेहतरीन गहने बनाने और बेचने का काम करती है। कंपनी खासतौर पर कुंदन, पोल्की, डायमंड और स्टडेड (रत्न जड़े) गहने बनाने के लिए जानी जाती है। इसका ब्रैंड नेम 'रामभजो' है।