

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से काटे गए नामों को जोड़े जाने के सवाल पर कांग्रेस के नेता व पूर्व सांसद अधीर चौधरी ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की है। इसमें अपील की गई है कि ट्राइब्यूनल के कार्य को तेजी से पूरा करने के मामले में फैसला लिया जाए। इसमें कहा गया है कि जिस रफ्तार से काम चल रहा है उस हिसाब से इस प्रक्रिया को पूरा करने में कई साल लग जाएंगे। इसी सवाल को लेकर हाई कोर्ट में एक पीआईएल दाखिल की गई है।
अधीर चौधरी की तरफ से दाखिल पीआईएल में कहा गया है कि अकेले मुर्शिदाबाद में ही छह लाख से अधिक नाम काटे गए हैं। इसके निपटारे के लिए ट्राइब्यूनल सिर्फ कोलकाता में काम कर रहा है। मौजूदा गति के आधार पर अगले लोकसभा चुनाव से पहले यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाएगी। उन्होंने अपील की है कि मतदाता सूची में नाम जोड़े जाने के मामले का निपटारा करने के लिए ब्लाक स्तर पर ट्राइब्यूनल का गठन किया जाए। इस मामले में पैरवी कर रहे एडवोकेट फिरदौश शमीम ने कहा कि ट्राइब्यूनल के फैसले के बाबत कोई जानकारी नहीं मिल रही है। न तो कोई कॉज लिस्ट है, जिससे यह जानकारी मिले कि किसकी सुनवाई हो रही है। कांग्रेस के विधायक जुल्फिकार अली ने इसी सवाल को लेकर हाई कोर्ट में पीआईएल दायर की है।