निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता/बनगांव: टॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती को रविवार रात एक कड़वे अनुभव का सामना करना पड़ा। उत्तर 24 परगना के बनगांव में एक कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा उन्हें कथित तौर पर अपमानित कर मंच से जबरन नीचे उतार दिया गया। लग्नाजिता चक्रवर्ती और स्निग्धजीत भौमिक जैसे कलाकारों के बाद अब मिमी चक्रवर्ती के साथ हुई इस बदसलूकी ने बंगाली फिल्म जगत और कलाकारों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बनगांव के नया गोपाल गंज युवा संघ की ओर से एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मिमी चक्रवर्ती को वहां परफॉर्म करने के लिए आमंत्रित किया गया था। बताया जा रहा है कि सड़क मार्ग की समस्याओं के कारण अभिनेत्री को कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने में करीब एक घंटे की देरी हो गई। जब वे रात करीब 11:30 बजे मंच पर पहुँचीं, तो दर्शक उनके स्वागत के लिए उत्साहित थे। लेकिन उनके परफॉर्मेंस के बीच में ही आयोजक संस्था के कुछ सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया और उन पर देरी से आने का आरोप लगाते हुए उन्हें शो बंद करने और मंच से नीचे उतरने को मजबूर कर दिया।
मिमी चक्रवर्ती ने इस पूरी घटना की जानकारी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की। उन्होंने लिखा, "मंच पर इस तरह का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।" अभिनेत्री का आरोप है कि उन्हें न केवल बीच में रोका गया, बल्कि उनके साथ मौजूद टीम और उनके साथ फोटो खिंचवाने का इंतजार कर रहे प्रशंसकों को भी धक्का देकर हटा दिया गया। मिमी ने कहा कि अगर आज वे इस अपमान के खिलाफ आवाज नहीं उठाएंगी, तो भविष्य में अन्य कलाकारों के साथ भी ऐसा ही व्यवहार होता रहेगा। उन्होंने इस संबंध में बनगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
मामले में नया गोपाल गंज युवा संघ के पदाधिकारियों, राहुल बसु और शोभन दास का कहना है कि उन्होंने अभिनेत्री का कोई अपमान नहीं किया। उनका तर्क है कि प्रशासन द्वारा दी गई समय सीमा और आगामी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रात 12 बजे लाउडस्पीकर बंद करना अनिवार्य था। देरी के कारण समय समाप्त हो गया था, इसलिए कार्यक्रम रोका गया।
हालांकि, सूत्रों और शिकायत के अनुसार, 'तनय शास्त्री' नामक एक स्थानीय ज्योतिष, जो क्लब का सदस्य बताया जा रहा है, पर मिमी को बदतमीजी से मंच से उतारने का मुख्य आरोप है। बनगांव पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। इलाके में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।