

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता/दीघा: टॉलीवुड इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। 43 वर्षीय अभिनेता राहुल अरुणोदय बंद्योपाध्याय का रविवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे धारावाहिक ‘भोले बाबा पार करेगा’ की शूटिंग के लिए तलसारी गए थे, जहां यह हादसा हुआ। सूत्रों के अनुसार, शूटिंग के दौरान राहुल पानी में उतरे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। काफी देर तक बाहर न आने पर यूनिट के तकनीशियनों ने उन्हें खोजकर बाहर निकाला। तुरंत उन्हें दिघा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। प्राथमिक तौर पर मौत का कारण डूबना बताया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया भी दीघा में ही होने की बात कही जा रही है। धारावाहिक में उनके साथ काम कर रहे अभिनेता भास्कर बंद्योपाध्याय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरी टीम तालसारी में शूटिंग कर रही थी। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना है। पैक-अप के बाद यह हादसा हुआ। अभी तक साफ नहीं है कि यह कैसे हुआ।” भास्कर ने बताया कि शूटिंग खत्म होने के बाद टीम लंच के लिए गई थी, जबकि राहुल कुछ अतिरिक्त शॉट्स देने के लिए रुके थे। “हम लोग खाना खाने गए थे और उन्होंने कहा था कि कुछ शॉट्स देकर आ रहे हैं। किसी ने सोचा भी नहीं था कि ऐसा हो जाएगा। एकदम स्वस्थ इंसान का यूं चले जाना बेहद दुखद है।”इस घटना के बाद टॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।