

हिंदी फिल्मों के ही-मैन अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 24 नवंबर के दिन अपने घर में आखिरी सांस ली है। उनकी मौत पर चारों ओर से उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की जा रही हैं। सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी जा रही है।
वह आठ दिसंबर को 90 वर्ष के हो जाते। उनका फिल्मी करियर 65 वर्षों का रहा। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि धर्मेंद्र का आज सुबह निधन हो गया और मुंबई के विले पार्ले उपनगर स्थित पवन हंस श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। कई अभिनेता श्मशान घाट पहुंचे हैं।
गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में सांस की दिक्कतों के बाद भर्ती कराया गया था। उसी समय उनकी मौत की अफवाह उड़ी थी और सोशल मीडिया से लेकर टीवी समाचारों में ये खबर प्रकाशित हो गयी थी। लेकिन बाद में धर्मेंद्र की अभिनेत्री पत्नी हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईशा देओल ने एक्स पर पोस्ट कर धमेंद्र की मौत को गलत बताया था। परिवार ने धर्मेंद्र का इलाज घर में ही कराने का फैसला लिया था और उन्हें अस्पताल से घर लेकर चले गये थे। इस दौरान धर्मेंद्र के परिवार की तरफ से कहा गया था कि वह रिकवरी कर रहे हैं।
बॉलीवुड में शोक की लहर
बहरहाल सोमवार को बीमार चल रहे धर्मेंद्र ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। समाचार एजेंसी आईएएनएस ने उनकी मौत की पुष्टि की है। फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने एक्स पर पोस्ट कर धर्मेंद्र की मौत की खबर दी है और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। धर्मेंद्र छह दशक तक बॉलीवुड सक्रिये और कई हिट फिल्में दी हैं। उनकी आखिरी फिल्म 'इक्कीस' अगले महीने रिलीज होने जा रही है। धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 में पंजाब के नसराली में एक शिक्षक के घर हुआ था।
पहली फिल्म से ही बॉलीवुड में छाये
अपनी पहली ही फिल्म से धर्मेंद्र ने बड़े पर्दे पर छा गए थे। इसके बाद उन्होंने अनपढ़, बंदिनी, मेरा गांव मेरा देश, शोले, धरम-वीर, तहलका और अपने जैसी शानदार फिल्मों में काम किया। धर्मेंद्र ने अपने करियर में पुराने कलाकार बलराज साहनी, राज कपूर, संजीव कुमार, अमिताभ बच्चन और अमरीश पुरी के साथ काम किया था। इसके अलावा धर्मेंद्र आज की पीढ़ी के कलाकारों के साथ भी फिल्मों में नजर आए थे। उन्होंने रणबीर सिंह, शाहिद कपूर, आलिया भट्ट सहित अन्य कलाकारों के साथ काम किया था।
सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे धर्मेंद्र
धर्मेंद्र सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते थे। वह अपने फैंस से जुड़े रहने के लिए अक्सर खास तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किया करते थे। धर्मेंद्र अपनी जिंदगी के आखिरी समय ज्यादातर फार्महाउस पर बिताते थे। इस उम्र में वह कैसी जिंदगी जी रहे थे धर्मेंद्र अपने तस्वीरों और वीडियो के जरिए फैंस को बताते रहते थे,जिसे लोग खूब पसंद करते थे। उनकी सोशल मीडिया पर कई पोस्ट्स वायरल हुआ करती थीं।