एक्टर निकला हत्यारा ! 12 साल पहचान छुपाए रखा, आखिर पुलिस ने पकड़ ही लिया

Actor
एक्टर निकला हत्यारा ! 12 साल पहचान छुपाए रखा, आखिर पुलिस ने पकड़ ही लियाचित्र इंटरनेट से साभार
Published on

अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। एक एक्टर 12 साल से लगातार फिल्मों और वेब सीरीज में काम कर रहा था, पर असल में वह एक कैदी निकला, जो हत्या के आरोप में जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। लेकिन 12 साल पहले वह फरार हो गया था। तभी से पुलिस को उसकी तलाश थी। इसका नाम हेमंत नगीनदास मोदी है, जिसे अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने हाल ही गिरफ्तार किया है। हेमंत को एक हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा मिली थी, पर उसने ऐसी चाल चली कि 12 साल तक पुलिस की गिरफ्त में ही नहीं आया। इतना ही नहीं, नाम व पहचान बदलकर 12 साल से फिल्मों और वेब सीरीज में काम करता रहा। इस दौरान हेमंत मोदी ने अमिताभ बच्चन और आमिर खान जैसे बड़े स्टार्स के साथ भी काम किया। हेमंत मोदी की ये कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।

2005 में हुई हत्या मामले में उम्रकैद की मिली थी सजा

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के डीसीपी अजीत राजियान के अनुसार हेमंत मोदी को 2005 में नरोदा में हुए नरेंद्र उर्फ नैनो यशवंत कांबले की हत्या केस में दोषी ठहराया गया था और वह उम्रकैद की सजा काट रहा है। 53 वर्षीय हेमंत मोदी को साल 2014 में गुजरात हाई कोर्ट की तरफ से पैरोल दिए जाने से पहले मेहसाना जेल में रखा गया था। 30 दिन का पैरोल पूरा करने के बाद हेमंत को अधिकारियों के सामने सरेंडर करना था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया और फरार हो गया।

इस जगह से पुलिस ने दबोचा

फरार होने के दौरान हेमंत मोदी ने न सिर्फ अपना नाम बदला, बल्कि पहचान भी बदल ली और फिर लगातार फिल्में-वेब सीरीज करता रहा। अब जाकर 12 साल बाद वह पुलिस के हाथ लगा। हेमंत मोदी मूल रूप से अहमदाबाद के नरोदा का रहने वाला है, पर हाल ही वह घी कांटा मेट्रो स्टेशन के पास एक घर में मिला। वहीं पर अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने छापा मारकर उसे धर-दबोचा। अब क्राइम ब्रांच उसे मेहसाना जिला जेल को सौंप देगी ताकि वह अपनी बाकी बची उम्रकैद की सजा काट सके।

हेमंत मोदी 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान', 'जयेशभाई जोरदार' में कर चुका काम

डीसीपी अजीत राजियान ने बताया कि हेमंत मोदी ने आमिर खान के साथ 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' में और रणवीर सिंह के साथ 'जयेशभाई जोरदार' में काम किया। यह भी बताया जा रहा है कि हेमंत मोदी ने 'मेट्रो इन दिनों' और 'एल 2: एम्पुरान' में भी काम किया। इसके अलावा वह 'मेरे साईं' और 'वागले की दुनिया' जैसे टीवी शोज का भी हिस्सा रहा है। हेमंत मोदी ने काफी थिएटर भी किया है और अब वह सनी देओल की फिल्म 'लाहौर 1947' में भी नजर आने वाला है।

12 साल तक चकमा देता रहा

लेकिन इन सब बातों के बीच यह बात काफी चौंका रही है कि हेमंत मोदी 12 साल से पुलिस को चकमा देकर एक्टिंग की दुनिया में सक्रिय रहा, जमकर काम करता रहा और वह पकड़ में नहीं आया। कोई सोच भी नहीं सकता कि एक हत्या का आरोपी इतने साल तक नाम-पहचान बदलकर फिल्मों में काम करता रहे और बेवकूफ बनाता रहे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in