

सैनिटरी नैपकिन पहल से शिक्षा को बढ़ावा
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : एक्रोपोलिस मॉल ने महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए “शी पार्किंग जोन” की शुरुआत की है। यह पार्किंग जोन खास तौर पर महिलाओं के लिए तैयार किया गया है, ताकि उन्हें सुरक्षित, आसान और व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही मॉल ने महिलाओं की स्वच्छता से जुड़ी एक विशेष पहल भी शुरू की है, जिससे लड़कियों की शिक्षा को सीधा सहयोग मिलेगा। इस पहल का औपचारिक उद्घाटन कोलकाता पुलिस के साउथ सबर्बन डिविजन की डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस बिदिशा कलिता (IPS) ने अभिनेत्री सोनाली चौधरी की मौजूदगी में किया। ‘शी पार्किंग जोन’ को मोती जैसे बैंगनी रंग में डिजाइन किया गया है, जिससे महिला ड्राइवर इसे आसानी से पहचान सकें।
सुरक्षा और सुविधा पर खास फोकस
अपर बेसमेंट पार्किंग बे में बने इस जोन में बैंगनी रंग की जेब्रा क्रॉसिंग बनाई गई है, जिससे विजिबिलिटी और पहुंच दोनों आसान हो सके। शुरुआती चरण में यहां 10 दोपहिया और 2 चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। महिला चालकों की मदद के लिए प्रशिक्षित स्टाफ भी तैनात रहेगा। भविष्य में उपयोग और प्रतिक्रिया के आधार पर इस सुविधा के विस्तार की योजना है।
हाइजीन के साथ शिक्षा का जुड़ाव
एक्रोपोलिस मॉल ने ‘विश केयर’ कार्यक्रम के तहत महिलाओं के वॉशरूम में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें लगाई हैं। फनस्मार्ट फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई इस पहल में हर सैनिटरी नैपकिन की खरीद से मिलने वाला सहयोग बालिकाओं की शिक्षा के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ सुरक्षित और WHO मानकों के अनुसार सैनिटरी नैपकिन डिस्पोजल सिस्टम भी पूरे मॉल में लगाया गया है। इस मौके पर डिप्टी पुलिस कमिश्नर बिदिशा कलिता ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और शिक्षा से जुड़ना इसे और भी सार्थक बनाता है। वहीं एक्रोपोलिस मॉल के जनरल मैनेजर शिव सागर साव ने कहा कि यह पूर्वी भारत के मॉल्स में पहली बार है, जहां पूरे परिसर में सुरक्षित सैनिटरी डिस्पोज़ल सिस्टम लागू किया गया है।