पीटकर गर्भवती की हत्या का आरोप

Accused of beating a pregnant woman to death
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : बशीरहाट के बादुड़िया थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आयी है, जहां दो पत्नियों के बीच चल रहे गृह-कलह ने एक मासूम जान ले ली। दो शादियां कर एक ही छत के नीचे दोनों पत्नियों के साथ रहने वाले शहाबुद्दीन मंडल पर अपनी दूसरी पत्नी, रेहेना बीबी (22) की पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने अभियुक्त पति को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शहाबुद्दीन मंडल ने दो शादियां की थीं और अपनी दोनों पत्नियों के साथ एक ही घर में रहता था। स्वाभाविक रूप से पहली और दूसरी पत्नी के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर तीखी बहस और अशांति होती रहती थी। परिजनों का आरोप है कि इसी कलह के चलते शहाबुद्दीन अक्सर रेहेना के साथ मारपीट करता था।

अभियुक्त पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

शुक्रवार को शहाबुद्दीन ने रेहेना के मायके वालों को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब हो गयी है। खबर मिलते ही रेहेना के घरवाले उसके ससुराल पहुंचे। उनका आरोप है कि जब वे पहुंचे तो पाया कि रेहेना कमरे के भीतर अचेत अवस्था में पड़ी थी और उसके कान से खून बह रहा था। आनन-फानन में उसे बादुड़िया ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे 'मृत' घोषित कर दिया। मृतका 8 माह की गर्भवती थी। उसके शरीर पर चोट के कई निशान पाये गये हैं, जो उसकी बेरहमी से पिटाई की ओर इशारा कर रहे हैं। मृतका के भाई ने शहाबुद्दीन पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, 'मेरी बहन की मौत सामान्य नहीं है। अगर वह बीमार थी, तो शहाबुद्दीन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय काम पर क्यों चला गया? यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है जिसे दबाने की कोशिश की जा रही है।' पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। बादुड़िया थाना पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अपराध में पहली पत्नी की क्या भूमिका थी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in