यूनिवर्सिटी विवाद पर ABVP सख्त, NIA जांच की मांग

ABVP की चेतावनी, कार्रवाई नहीं हुई तो कई थानों में FIR
यूनिवर्सिटी विवाद पर ABVP सख्त, NIA जांच की मांग
Published on

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने जादवपुर यूनिवर्सिटी में कथित देश-विरोधी गतिविधियों की उच्च स्तरीय जांच के लिए नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) के हस्तक्षेप की मांग की है। उनका आरोप है कि यूनिवर्सिटी परिसर में इस तरह की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिनकी स्वतंत्र और कड़ी जांच होना आवश्यक है। कैंपस में हुई झड़पों के दौरान यूनिवर्सिटी के पारंपरिक प्रतीक का एक हिस्सा टूट गया था। इस मामले में ABVP नेताओं ने बंगाली प्रोफेसर और जादवपुर यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (JUTA) के सेक्रेटरी राजेश्वर सिन्हा के खिलाफ FIR दर्ज करने की चेतावनी दी है। ABVP का दावा है कि इस घटना के समय टूटे हुए टुकड़े को पकड़े हुए सबसे पहले प्रोफेसर राजेश्वर सिन्हा को ही देखा गया था।


ABVP ने CPM नेताओं पर साधा निशाना

गत बुधवार रात FETSU की जनरल बॉडी मीटिंग के दौरान वामपंथी छात्र संगठनों और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच तनाव बढ़ गया था। इस दौरान ABVP छात्रों के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया। रविवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में ABVP नेतृत्व ने CPM नेता शतरूप घोष और आफरीन बेगम की कड़ी आलोचना की और उनके खिलाफ दर्ज मामलों पर सवाल उठाए। ABVP ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में उनकी पार्टी का कोई भी सदस्य शामिल नहीं था और इस बात का कोई फोटो या वीडियो सबूत भी मौजूद नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रोफेसर राजेश्वर सिन्हा के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में FIR दर्ज कराई जाएगी। साथ ही, यह भी घोषणा की गई कि यदि उनकी पार्टी का कोई भी सदस्य दोषी पाया गया, तो उसे तुरंत बाहर कर दिया जाएगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in