

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में फॉर्म 6 के मुद्दे पर एक बार फिर राजनीति गरमा गयी है। तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सोमवार की शाम अचानक फार्म 6 को लेकर गंभीर आरोप के साथ बंगाल चुनाव आयोग कार्यालय पहुंच गये। अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि असामान्य रूप से बड़ी संख्या में नये मतदाता पंजीकरण आवेदन जमा किए जा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। इस दौरान भारी संख्या में तृणमूल के कार्यकर्ता और समर्थक चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर जमा हुए थे। तृणमूल कांग्रेस के कई उम्मीदवार व नेता भी वहां मौजूद थे। तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारे लगाये। भारी गहमागहमी वाले माहौल को देखते हुए केंद्रीय बल भी सीईओ कार्यालय के सामने तैनात रहे ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
अभिषेक की बड़ी शिकायत
अभिषेक की एक बड़ी शिकायत है कि वहां बड़ी संख्या में फॉर्म 6 भरे जा रहे थे। अभिषेक बनर्जी ने राज्य की चुनाव प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि भाजपा ने बंगाल की जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को छीनने के लिए एक गहरी साजिश रची है। राष्ट्रीय चुनाव आयोग (ईसीआई) इस साजिश के सामने धृतराष्ट्र की तरह काम कर रहा है। उन्होंने सोमवार को एक वीडियो जारी कर आयोग से सीधे जवाब मांगा। उन्होंने बताया कि हजारों फॉर्म कैसे भरे और जमा किए गए हैं। इतने बड़े पैमाने पर दस्तावेजों के स्रोत और उद्देश्य पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, अन्य राज्यों में भी चुनावों के दौरान इस तरह की धांधली के आरोप लगे थे। बंगाल को उस रास्ते पर चलने नहीं दिया जा सकता। उन्हें आशंका है कि भगवा खेमा अन्य राज्यों से आए 'प्रवासियों' को मतदाता बनाकर बंगाल के चुनावों का भविष्य बदलने की कोशिश कर रहा है और चुनाव आयोग इस प्रयास का समर्थन कर रहा है। इसी संदर्भ में उन्होंने मुख्य चुनाव आयोग के कार्यालय की सीसीटीवी फुटेज जारी करने की मांग की।
चुनाव आयोग सीसीटीवी फुटेज जारी करे
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि अगर चुनाव आयोग के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, तो वह सीसीटीवी फुटेज जारी कर दे। मेरे पास सबूत है कि कोन से लोग सीईओ कार्यालय आये और उन्होंने फॉर्म-6 जमा किया। वे दूसरे राज्यों के लोगों को लाकर बंगाल चुनाव के नतीजे बदलना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों को जबरन प्रवेश दिलाने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जा रहा है। अमित मालवीय ने दिल्ली से फोन करके यह सब करवाया। अभिषेक का आरोप है कि महाराष्ट्र और दिल्ली में भी ऐसा ही हुआ। इस बार तृणमूल को हराने के लिए भाजपा और आयोग बंगाल में ऐसा कर रहे हैं।