महज 100 रुपये के लिए युवक की हत्या !

A young man was murdered in Nadia for just Rs 100!
सांकेतिक फोटो User
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : होली की खुशियां मातम में बदल गईं जब नदिया जिले के हरिनघाटा अंतर्गत नगरउखड़ा के महादेवपुर टालतला पाड़ा में महज 100 रुपये के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। शराब पीने के दौरान हुए मामूली झगड़े में एक शख्स ने अपने ही समधी की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान संजीव देवनाथ (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी समधी असित देवनाथ को गिरफ्तार कर लिया है।

मुंबई से छुट्टी पर आया था संजीव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजीव देवनाथ पेशे से श्रमिक था और मुंबई में कार्यरत था। वह करीब 20 दिन पहले ही छुट्टियों में घर लौटा था। रात में घर के पास एक नर्सरी के बगीचे में शराब की महफिल सजी थी। वहां शराब के पैसों के लेन-देन को लेकर संजीव और उसके रिश्ते में समधी लगने वाले असित देवनाथ के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद मात्र 100 रुपये के बंटवारे को लेकर था।

फावड़े और बांस से किया हमला

बातचीत देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आवेश में आकर असित ने पास रखे फावड़े (बेलचा) से संजीव के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इसके बाद भी जब उसका जी नहीं भरा, तो उसने बांस से दोबारा प्रहार किया। लहूलुहान संजीव चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत हरिनघाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही नगर ग्राम महादेवपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी असित को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। मामूली बात पर हुई इस हत्या से परिवार में कोहराम मचा है। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि महज 100 रुपये के लिए कोई अपनों का ही खून बहा सकता है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in