संदेशखाली में देर रात आया भयानक बवंडर, 100 से ज्यादा घर तहस-नहस

दो लोग गंभीर रूप से घायल
A terrible tornado struck Sandeshkhali late last night, destroying over 100 houses.
सांकेतिक फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट अंतर्गत संदेशखाली 1 नंबर ब्लॉक के आगरहाटी ग्राम पंचायत के पाथरघाटा इलाके में रविवार की देर रात एक भयानक टॉरनेडो (बवंडर) तूफान ने भारी तबाही मचाई। कुछ ही मिनटों तक चले इस तूफान की गति इतनी तेज थी कि इसने पूरे इलाके का जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह बवंडर इतनी तेजी से आया कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। मात्र कुछ ही मिनटों में, तूफान ने सौ से अधिक घरों को पूरी तरह से तबाह कर दिया। अधिकांश घर कच्चे या टिन की छतों वाले थे, जो आँधी की चपेट में आकर पूरी तरह ढह गए। कई जगह मकानों की छतें उड़कर दूर जा गिरीं।

बिजली व्यवस्था चरमराई, अंधेरे में डूबा क्षेत्र

तूफान के कारण इलाके की बुनियादी ढांचा भी पूरी तरह से चरमरा गया। तेज हवाओं के चलते 30 से अधिक बिजली के खंभे उखड़ गए और बिजली के तार टूट गए। नतीजतन, पूरा क्षेत्र बिजली गुल होने के कारण घने अंधेरे में डूब गया, जिससे राहत और बचाव के कार्यों में भी शुरुआती दिक्कतें आईं।

A terrible tornado struck Sandeshkhali late last night, destroying over 100 houses.
सांकेतिक फोटो

विधायक ने संभाला मोर्चा, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

इस त्रासदी में सबसे चिंताजनक स्थिति तब उत्पन्न हुई जब कई कच्चे मकानों के मलबे में लोग दब गए। मलबे के नीचे दबने से एक महिला और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही संदेशखाली के विधायक सुकुमार महतो बिना देरी किए, बीडीओ और अन्य प्रशासनिक प्रतिनिधियों के साथ तुरंत प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। विधायक ने व्यक्तिगत तौर पर पहल करते हुए सबसे पहले घायलों को मलबे से सुरक्षित निकलवाया और उन्हें त्वरित उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इसके साथ ही, उन्होंने कई प्रभावित परिवारों को उनके टूटे हुए घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भी स्थानांतरित कराया।

सरकारी मदद और पुनर्निर्माण का आश्वासन

विधायक सुकुमार महतो ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सरकारी और प्रशासनिक सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन युद्धस्तर पर राहत कार्यों में जुटा है।

"जब तक प्रभावित लोग अपने सामान्य जीवन में नहीं लौट आते, तब तक प्रशासन उनकी मदद करता रहेगा। क्षतिग्रस्त घरों का पुनर्निर्माण, राहत सामग्री का वितरण और बिजली आपूर्ति की बहाली हमारी पहली प्राथमिकता है," विधायक ने कहा।

फिलहाल, क्षेत्र में राहत सामग्री जैसे तिरपाल, सूखा भोजन और पानी वितरित किए जा रहे हैं। प्रशासन ने उखड़े हुए बिजली के खंभों को ठीक करने और क्षेत्र में जल्द से जल्द बिजली बहाल करने के साथ-साथ पुनर्निर्माण के कार्यों पर भी जोर देना शुरू कर दिया है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in