

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने पश्चिम बंगाल में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए बैठक की। बैठक में मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य, मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर तथा पश्चिम बंगाल सरकार में महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मालती रावा राय भी उपस्थित रहीं। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक ने चर्चा की शुरुआत की। समीक्षा बैठक में राज्य में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी पहुंच को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
क्या कहा केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि बंगाल सरकार ने महिलाओं और बच्चों के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। बैठक में इन योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के साथ-साथ उन्हें और प्रभावी बनाने के उपायों पर चर्चा की गई। सितंबर में आयोजित होने वाले पोषण माह के दौरान थीम आधारित कार्यक्रम और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
क्या - क्या होगा पोषण माह में
बच्चों के पोषण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को पूरक पोषण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पोषण माह और पोषण पखवाड़ा के दौरान समुदाय को सक्रिय रूप से जोड़ने तथा स्थानीय खाद्य पदार्थों, विशेषकर मोटे अनाज (मिलेट्स) के उपयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने सक्षम वाटिका के तहत बच्चों के लिए किचन गार्डन विकसित करने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उगाए जाने वाले पौष्टिक खाद्य पदार्थ बच्चों के पोषण को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने और इनके लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।