

कोलकाता: बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में जापान की यात्रा पर गये तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को टोक्यो में स्वतंत्रता सेनानी रासबिहारी बोस के साथ-साथ दिवंगत पूर्व न्यायमूर्ति राधाबिनोद पाल की समाधि पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। राधाबिनोद की वर्तमान पीढ़ी अभिषेक की भूमिका से खुश है। राधाबिनोद के पोते सुधिबिनोद पाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर याद दिलाया कि 2024 में राज्य सरकार ने उत्तर कोलकाता में बीडन स्ट्रीट से सटी एक सड़क का नाम राधाबिनोद के नाम पर रखने का वादा किया था। लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हुआ है। सूत्रों के अनुसार मामला अभिषेक के संज्ञान में आया है। उन्होंने अपने करीबी लोगों से कहा कि वे विदेश यात्रा से कोलकाता लौटने पर राधाबिनोद के परिवार से इस मुद्दे पर बात करेंगे। साथ ही वह वादों को पूरा करने को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के बीच समन्वय भी स्थापित करेंगे।
जापान में प्रवासी बंगालियों से भी मुलाकात की
बता दें कि पिछले वर्ष राज्य सरकार की पहल पर राधाबिनोद पाल की स्मृति में एक सम्मेलन आयोजित किया गया था। पूर्व न्यायाधीश के पोते ने बताया कि सड़क का नाम रखने का वादा उसी कार्यक्रम में किया गया था। जापान में अभिषेक द्वारा श्रद्धांजलि दी जाने के बाद सुधिबिनोद ने पुराने मुद्दे को नए सिरे से उठाया है। उधर अभिषेक के नक्शेकदम पर चलते हुए जेडीयू सांसद संजय कुमार झा, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद और जापान में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज ने शनिवार को स्वतंत्रता सेनानी रास बिहारी बोस की समाधि पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की। पता चला है कि अभिषेक ने दक्षिण कोरिया रवाना होने से पहले जापान में प्रवासी बंगालियों से भी मुलाकात की थी। अभिषेक ने उन्हें आगामी दुर्गापूजा में कोलकाता आमंत्रित किया है।