मध्यमग्राम में केमिकल फैक्ट्री में भयावह आग

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, दो साल पहले भी इसी कारखाने में लगी थी आग
A massive fire breaks out at a chemical factory in Madhyamgram.
कारखाने में लगी आग को बुझाने में जुटे दमकल कर्मी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

मध्यमग्राम : उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में गुरुवार दोपहर एक रासायनिक कारखाने (केमिकल फैक्ट्री) में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा कारखाना आग की लपटों की चपेट में आ गया और आसपास का इलाका काले धुएं की मोटी चादर से ढंक गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त इंजनों को भी तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर मध्यमग्राम के बादु दीघबेरिया स्थित दो नंबर गेट इलाके में मौजूद इस केमिकल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। जिस समय यह हादसा हुआ, कारखाने के भीतर कई श्रमिक काम कर रहे थे। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए श्रमिक तुरंत बाहर की ओर भागे। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है।

दहनशील पदार्थों के कारण आग ने लिया विकराल रूप

दमकल अधिकारियों का कहना है कि चूंकि यह एक रासायनिक कारखाना है, इसलिए वहां भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ और केमिकल मौजूद थे। इस वजह से आग ने पल भर में विकराल रूप धारण कर लिया। दमकলकर्मी युद्धस्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन आग की प्रचंडता के कारण उन्हें भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। शुरुआती अनुमान के तौर पर आग लगने का कारण 'शॉर्ट सर्किट' माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

दो साल पहले भी हुआ था हादसा, सुरक्षा पर उठे सवाल

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इसी केमिकल फैक्ट्री में लगभग दो साल पहले भी ऐसी ही विनाशकारी आग लगी थी। बार-बार हो रहे इन हादसों ने स्थानीय लोगों के मन में डर पैदा कर दिया है और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अग्निकांड की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। दमकल विभाग का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने के बाद ही आग लगने के सही कारणों की जांच की जाएगी।

फिलहाल, दमकलकर्मी कारखाने के भीतर फंसे अवशेषों और केमिकल के ड्रमों को ठंडा करने का प्रयास कर रहे हैं ताकि आग दोबारा न भड़के। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा लिया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in