

गुवाहाटीः कांग्रेस की असम इकाई के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया की उपस्थिति में सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा की असम इकाई के मुख्यालय ‘वाजपेयी भवन’ में आयोजित एक समारोह के दौरान बोरा भाजपा के सदस्य बन गए। उनके साथ ही पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता संजू बोरा भी भाजपा में शामिल हुए।
बोरा ने 16 फरवरी को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था, जिसे पार्टी आलाकमान ने स्वीकार नहीं किया था और वरिष्ठ नेता उनके आवास पर पहुंचे थे। राहुल गांधी ने भी उनसे बात की थी। उन्होंने अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए समय मांगा था लेकिन अगले दिन मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा उनके आवास पर गए और घोषणा की कि वह 22 फरवरी को भाजपा में शामिल हो जाएंगे। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मार्च-अप्रैल में चुनाव प्रस्तावित हैं।
कौन हैं भूपेन कुमार बोरा
भूपेन कुमार बोरा कांग्रेस की असम इकाई (असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी - APCC) के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी और लगभग 32 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़े रहे। उन्होंने 2021 से 2025 तक असम कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया
बोरा असम के लखीमपुर जिले की बिहपुरिया विधानसभा सीट से दो बार (2006 से 2016 तक) विधायक रहे हैं। वे तरुण गोगोई सरकार में संसदीय सचिव (गृह और बिजली) भी रह चुके हैं।
बोरा ने 16 फरवरी, 2026 को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने पार्टी के भीतर आंतरिक गुटबाजी और अपनी उपेक्षा का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद, वे औपचारिक रूप से आज भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने दावा किया है कि आने वाले समय में कई और कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल होंगे।