सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य के हवाई परिवहन क्षेत्र में सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। केंद्र सरकार की ‘उड़ान-2.0’ योजना के तहत पुरुलिया के छर्रा, दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट, अलीपुरदुआर के हासीमारा और पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा को हवाई मार्ग से जोड़ने के उद्देश्य से एमओयू हस्ताक्षर किए गए हैं। नवान्न में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू तथा सीएम शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। राज्य में विमानन ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक मौका है। बंगाल की जनता के सपने साकार हो रहे हैं। यहां की पिछली सरकार केंद्रीय योजनाओं से बंगाल के लोगों को दूर रखा। अब ऐसा नहीं होगा। 10 सालों में उड़ान योजना का बहुत ज्यादा लाभ बंगाल को मिले, इसके लिए काम शुरू हो गया है।
आठ हवाई अड्डे विकसित करने का लक्ष्य
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगले दो वर्षों में बंगाल में चार नए हवाई अड्डे विकसित किए जाएंगे। चार पहले से हैं। कुल आठ हवाई अड्डे विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में पहले से चार हवाई अड्डे हैं। केंद्र सरकार क्षेत्र में हवाई संपर्क की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कोलकाता में दूसरा हवाई अड्डा भी चाहती है जिसके निर्माण को लेकर भी जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। नायडू ने कहा कि बंगाल में अगले 10 वर्षों के दौरान ‘उड़ान’ योजना के तहत 29,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने बंगाल सरकार से निवेशकों को आकर्षित करने के लिए नई नागर विमानन नीति बनाने का भी अनुरोध किया है। कल्याणी में करीब 2 हजार एकड़ क्षेत्र में दिल्ली के नोएडा के तर्ज पर एक नया अंतरराष्ट्रीय ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाने की घोषणा भी की गई है। बेहला में फ्लाइंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित करने की दिशा में भी मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई गई है।
10 वर्षों में 100 नए हवाई अड्डों का लक्ष्य
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगले 10 वर्षों में देशभर में 100 नए हवाई अड्डे बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश में करीब 850 उड़ानें संचालित हो रही हैं, जबकि 1,640 विमानों का ऑर्डर दिया गया है।
UK की डायरेक्ट फ्लाइट के लिए केंद्रीय मंत्री से आवेदन
इस मौके पर सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्होंने के. राममोहन नायडू से कोलकाता को ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों से जोड़ने वाली सीधी उड़ानें शुरू करने का आग्रह किया है तथा दुर्गापुर के अंडाल हवाई अड्डे से विमान सेवाएं बढ़ाने का आग्रह किया है। लोगों की आस्था का ख्याल रखते हुए अयोध्या के राम मंदिर, तिरुपति, राजस्थान के खाटू श्याम और अमृतसर जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने का भी केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया गया है।
पिछली सरकार एयरपोर्ट मामले में भी ना ना करती रही
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री बंगाल का विकास करना चाहते थे, लेकिन पिछली सरकार की ओर से हवाई अड्डों के मामले में लगातार आपत्ति जताई जाती रही। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पहले भी हो सकता था, लेकिन पिछली सरकार ने इसे आगे नहीं बढ़ने दिया। सीएम ने कहा कि तत्कालीन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोलकाता के वैकल्पिक हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र भेजा था, लेकिन तत्कालीन राज्य सरकार ने इसे अस्वीकार कर दिया था। सीएम ने उड़ान योजना की सराहना की। सीएम ने कहा कि किसान से लेकर चप्पल पहनने वाला आम व्यक्ति तक आज विमान में सफर कर रहा है और हवाई यात्रा का आनंद ले रहा है, यह एक महत्वपूर्ण बदलाव है।