

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
खड़दह : बंगाल की सांस्कृतिक धरा खड़दह के ऐतिहासिक 26 शिव मंदिर घाट पर सोमवार को श्रद्धा और उल्लास का अनूठा दृश्य देखने को मिला। माँ गंगा आरती समिति (खड़दह-टीटागढ़) के तत्वावधान में आयोजित पूर्णिमा विशेष गंगा आरती और होली मिलन कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गंगा की लहरों के बीच गूंजते मंत्रों और फूलों की होली ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ गंगा आरती समिति के अध्यक्ष एवं भारतीय वायु सेना के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी रतन लाल महतो द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात आर्य समाज खड़दह के प्रधान विकास जायसवाल के नेतृत्व में पवित्र वैदिक यज्ञ संपन्न हुआ। महादेव की विशेष आरती के बाद माँ गंगा की महाआरती की गई, जिसमें करीब 20 सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित 3,000 से अधिक आमजन सम्मिलित हुए।
समिति के अध्यक्ष रतन लाल महतो ने अपने संबोधन में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि 26 शिव मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को देखते हुए, इस घाट को एक प्रमुख पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसके लिए समिति की ओर से केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न मंत्रालयों व विभागों में अपील भेजी गई है।
हर पूर्णिमा की भांति इस बार भी युवाओं और बच्चों के लिए धार्मिक क्विज का आयोजन किया गया। आरती के पश्चात सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे पर फूलों और रंगों की वर्षा कर 'होलिकोत्सव' मनाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राम कुमार गिरी, गणेश साहनी व सुनील कुमार राजभर, लक्ष्मी प्रसाद वर्मा सहित महिला शाखा की रूमा खतोई, आंचल प्रसाद व अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।