तेल बंदरगाह पर अमेरिकी हवाई हमलों में 74 लोगों की मौत : हूती विद्रोही

हमले की वजह से 171 लोग घायल
तेल बंदरगाह पर अमेरिकी हवाई हमलों में 74 लोगों की मौत : हूती विद्रोही
Published on

दुबई : यमन के हूती विद्रोहियों ने शुक्रवार को दावा किया कि तेल बंदरगाह को निशाना बनाकर किए गए अमेरिकी हवाई हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है जबकि 171 अन्य घायल हैं। यमन की राजधानी सना में विद्रोहियों के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी में रात भर किए गए हमलों से हुई तबाही का उल्लेख किया गया है, जिसमें ईंधन ट्रकों में आग लग गई और रात के समय आसमान में आग के गोले धधक उठे। यह हमला 15 मार्च से जारी अमेरिकी हवाई हमलों की श्रृंखला में सबसे घातक हमलों में से एक था। हमलों में नागरिकों के हताहत होने के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी तबाही

सैटेलाइट तस्वीरों में यमन बंदरगाह पर अमेरिकी हवाई हमलों में नष्ट हुए टैंक और वाहन देखे जा सकते हैं। शुक्रवार को प्राप्त इन तस्वीरों में लाल सागर में तेल रिसाव भी पाया गया है। सैटेलाइट तस्वीरों में यमन के हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले रास ईसा बंदरगाह पर हुए नुकसान को देखा जा सकता है। अमेरिकी सेना ने हमले में हताहतों की संख्या के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है और न ही किसी क्षति का आकलन पेश किया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in