

जापान के उत्तरी हिस्से में सोमवार को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। राष्ट्रीय प्रसारक NHK के अनुसार, भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि Iwate Prefecture और Hokkaido के कुछ हिस्सों में 3 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरें पहुंच सकती हैं। लोगों से तुरंत ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।
जापान सरकार ने अपने एडवाइजरी में बताया कि सुनामी की लहरें तटीय इलाकों की ओर बढ़ रही हैं और यह कई बार आ सकती हैं। ऐसे में लोगों को चेतावनी हटने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने यह भी आगाह किया है कि लहरें अनुमान से पहले या बाद में पहुंच सकती हैं और उनकी ऊंचाई भी अपेक्षा से अधिक हो सकती है। इसलिए समुद्र तटों और नदी के मुहानों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।
आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह सतर्क हैं और संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या हताहत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यह भूकंप और उसके बाद की चेतावनी एक बार फिर जापान जैसे भूकंप-प्रवण देश में आपदा प्रबंधन की अहमियत को रेखांकित करती है।