

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन के दौरान पूंजी का पलायन हुआ और करीब 6,700 कंपनियां बंद हो गईं। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता होगी। यहां 'युवा संवाद कॉन्क्लेव' को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि बंगाल में शुभेंदु अधिकारी नीत भाजपा सरकार राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने पर ध्यान देगी।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 10-15 साल में पश्चिम बंगाल में लगभग 6,700 कंपनियां बंद हो गईं। हमारी कोशिश ऐसा माहौल बनाना है, जिसमें अगर आप पश्चिम बंगाल में निवेश करते हैं, तो हम आपको एक अच्छा प्लेटफॉर्म देंगे।’’ नवीन ने उस समय को भी याद किया जब पश्चिम बंगाल को रोजगार के एक बड़े केंद्र के तौर पर देखा जाता था और पड़ोसी राज्यों से लोग यहां नौकरी की तलाश में आते थे। उन्होंने कहा, ‘‘एक समय था जब बिहार के लोग नौकरी के लिए बंगाल आते थे।’’ नवीन की यह टिप्पणी मई में भाजपा द्वारा तृणमूल के 15 साल के शासन को खत्म करने और राज्य में पहली बार उनकी पार्टी की सरकार बनने के कुछ महीनों बाद आई है।
भाजपा प्रमुख ने कहा कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में ‘‘एक नयी सुबह’’ आई, जब विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तृणमूल को हराया और अब युवाओं की उम्मीदें पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का ध्यान सिर्फ रोजगार पर ही नहीं, बल्कि युवाओं को उद्यमी और नौकरी देने वाला बनने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी होगा। नवीन ने कहा, ‘‘आज के युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले हैं। वे बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।’’
नवीन ने युवाओं से जीवन में ‘शॉर्टकट’ से दूर रहने का आग्रह किया और लगन एवं निरंतरता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी युवाओं से आग्रह करूंगा कि वे जीवन में शॉर्टकट रास्ते से बचें। जीवन 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक लंबी दौड़ है, जिसमें ताकत और निरंतरता की परीक्षा होती है।’’ युवाओं के साथ संवाद के दौरान, नवीन ने युवा पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक और खेल परंपराओं से फिर से जोड़ने की जरूरत पर भी बात की और उन्हें सिर्फ मोबाइल फोन तक ही सीमित न रहने की सलाह दी।
नवीन ने कहा, ‘‘यहां के लोगों के डीएनए में खेल, साहित्य और कला एक साथ है।’’ बाद में, अपनी यात्रा के दौरान, भाजपा अध्यक्ष पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों से बातचीत करते हुए 'झालमुड़ी' का आनंद लेते हुए दिखे। नवीन ने दो दिवसीय दौरे पर राज्य के नेताओं के साथ बैठकें कीं और युवाओं सहित समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों से बातचीत की।