उत्तराखंड के उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में 6 तीर्थयात्रियों की मौत

दुर्घटना के कारण 6 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में 6 तीर्थयात्रियों की मौत
Published on: 

उत्तरकाशी : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह गंगनाणी के समीप एक निजी कंपनी के हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच श्रद्धालुओं सहित छह लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि हादसा सुबह आठ बजकर 11 मिनट पर ऋषिकेश-गंगोत्तरी राष्ट्रीय राजमार्ग के पास हुआ। उन्होंने बताया कि हेलिकॉप्टर में पायलट सहित सात लोग सवार थे। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के अनुसार ‘एयरोट्रांस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड’ का हेलिकॉप्टर यमुनोत्तरी दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को गंगोत्तरी धाम लेकर जा रहा था जहां उसे हर्षिल हेलिपैड पर उतरना था। एसडीआरएफ के अनुसार हेलिकॉप्टर 200-250 मीटर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे पांच श्रद्धालुओं सहित छह लोगों की मौत हो गयी। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। इस हादसे की जांच विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) करेगा।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान गुजरात के वडोदरा निवासी पायलट रॉबिन सिंह (60), मुंबई की पवई की निवासी विजयलक्ष्मी रेड्डी (57), रुचि अग्रवाल (56), कला चंद्रकांत सोनी (61), उत्तर प्रदेश के बरेली की निवासी राधा अग्रवाल (79) और आंध्र प्रदेश के अनंतपुर की निवासी वेदांती देवी (48) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वेदांती देवी के पति मकतूर भास्कर (51) दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. मेहरबार सिंह बिष्ट ने बताया कि घायल को एअर एंबुलेंस से ऋषिकेश के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भेजा गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News