599 जनता क्वार्टर गिराने की कार्रवाई शुरू

भोपाल के ऐशबाग में हो रही कार्रवाई
जर्जर इमारतों को लेकर लगाये गये बोर्ड
जर्जर इमारतों को लेकर लगाये गये बोर्ड
Published on: 

भोपाल : मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से हरी झंडी मिलने के अगले ही दिन सोमवार को राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में जर्जर घोषित किए गए 600 जनता क्वार्टर में से 599 को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने रविवार को अवकाश के दिन सुनवाई करते हुए एक याचिकाकर्ता को 25 नवंबर तक अंतरिम राहत दी तथा शेष 599 क्वार्टर गिराने की मंजूरी दी थी। भोपाल के ऐशबाग स्थित मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा करीब 40 साल पहले बनाए गए इन जनता क्वार्टर्स को 2016 में जर्जर घोषित किया गया था। इनमें तकरीबन 3,000 लोग रहते हैं।

अदालत की मंजूरी के बाद रविवार शाम ही जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीम सक्रिय हो गई और इलाके में बड़ी संख्या में अवरोधक लगाते हुए आने-जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया। एक अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि इस पूरी कार्रवाई में चार उप जिलाधिकारी, 10 तहसीलदार और तकरीबन एक हजार की संख्या में पुलिस और नगर निगम के कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसमें पोकलेन मशीनों और बुलडोजर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारी ने कहा कि पूरी कार्रवाई चूंकि अदालत के आदेश पर की जा रही है, इसलिए वह इससे अधिक कुछ भी नहीं बता सकते।

हाउसिंग बोर्ड की योजना के तहत इन जर्जर मकानों की जगह आधुनिक फ्लैट बनाए जाने का प्रस्ताव है। मध्यप्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के अंतर्गत इस पूरी जमीन का नए सिरे से विकास किया जाएगा और पुराने मकानों को हटाकर बहुमंजिला आवासीय परिसर बनाया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने और दोबारा कब्जा मिलने तक वैकल्पिक आवास के लिए किराया देने की पेशकश भी की गई है। इसके तहत हाउसिंग बोर्ड ने पहले सभी रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान अनिवार्य रूप से खाली करने और अपना सामान हटाने का अंतिम नोटिस जारी कर दिया था।

इस फैसले को जबलपुर हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी। इस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने मकानों को गिराने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग को खारिज कर दिया था। अदालत ने एक याचिकाकर्ता के मकान को तोड़ने पर अगली सुनवाई तक अंतरिम रोक लगा दी थी, जिसपर अगली सुनवाई 25 नवम्बर को निर्धारित की गयी है।मोहम्मद हाफिज खान की तरफ से दायर की गयी याचिका में कहा गया था कि हाउसिंग बोर्ड के द्वारा बनाई गयी उक्त कॉलोनी में उनके मकान का नम्बर 465 है। याचिकाकर्ता की तरफ से बताया गया था कि जिलाधिकारी द्वारा प्रस्तावित 1200 से 1500 रुपये मासिक किराया मौजूदा बाजार दरों से काफी कम है। उन्होंने अदालत से आग्रह किया था कि उचित किराया तय होने के बाद ही संबंधित मकान को तोड़ा जाए। सुनवाई के दौरान इस पर हाउसिंग बोर्ड ने सहमति जताते हुए जिलाधिकारी और याचिकाकर्ता के साथ बैठक कर किराया तय करने का आश्वासन दिया। एकल पीठ ने अगली सुनवाई तक याचिकाकर्ता का मकान तोड़ने पर रोक लगा दी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News