

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा सिटी पुलिस के साइबर पुलिस स्टेशन ने TMT सरिया की आपूर्ति के नाम पर कथित तौर पर 50 लाख रुपये की ठगी के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 20.40 लाख रुपये नकद, 17 डेबिट कार्ड समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन प्राप्त एक मोबाइल नंबर के माध्यम से एक व्यक्ति से संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को सरिया आपूर्ति का ब्रोकर बताते हुए TMT बार उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उसकी बातों पर विश्वास कर शिकायतकर्ता ने बताए गए बैंक खाते में अग्रिम के रूप में 50 लाख रुपये जमा कर दिए। आरोप है कि न तो सरिया की आपूर्ति की गई और न ही शिकायतकर्ता के रुपये वापस किए गए।
पांशकुड़ा में छापेमारी, सात आरोपी पहले ही न्यायिक हिरासत में
मामले की जांच के दौरान हावड़ा साइबर थाना पुलिस ने पूर्व मेदिनीपुर के पांशकुड़ा थाना पुलिस की सहायता से दक्षिण मेचोग्राम इलाके में छापेमारी कर 25 वर्षीय स्नेहाशीष मान्ना उर्फ नाट्रो को गिरफ्तार किया। उसके पास से 20.40 लाख रुपये नकद, 17 डेबिट कार्ड, दो सिम कार्ड सहित एक मोबाइल फोन, जियो के तीन सीलबंद और चार इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड तथा एसबीआई का एक मूल चेक पत्ता बरामद किया गया। इसके अलावा अदालत के आदेश पर कथित लाभार्थी के बैंक खाते में मौजूद 25.98 लाख रुपये को होल्ड कर दिया गया है। इस मामले में पहले ही सात अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।