नागराकाटा में 48 बोतल कफ सिरप बरामद

पुलिस को देखते ही बाइक छोड़कर फरार हुए दो संदिग्ध, तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त
नागराकाटा में 48 बोतल कफ सिरप बरामद
Published on

नागराकाटा : गुप्त सूचना के आधार पर नागराकाटा थाना पुलिस ने रविवार शाम अभियान चलाकर 48 बोतल प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार दो संदिग्ध वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कफ सिरप के साथ तस्करी में इस्तेमाल बाइक को भी जब्त कर लिया है। घटना के बाद पुलिस फरार दोनों संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार शाम सूचना मिली थी कि एक बाइक से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद नागराकाटा थाना पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध बाइक की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने खासबस्ती और मंगरूपाड़ा इलाके में बाइक का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख बाइक सवार दो लोग सुलकापाड़ा ग्राम पंचायत के सोमापाड़ा इलाके में बाइक छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका।

बाद में डिप्टी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार विश्वास की मौजूदगी में जब्त बाइक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक से 48 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद कफ सिरप को जब्त कर लिया और बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित कफ सिरप कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। फरार दोनों संदिग्धों की पहचान के लिए भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर अभियान चलाया जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in