फर्जीवाड़े पर सख्ती, 451 B.Ed कॉलेजों को नोटिस

80% ने भेजे जवाब
फर्जीवाड़े पर सख्ती, 451 B.Ed कॉलेजों को नोटिस
Published on

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बाबा साहेब अंबेडकर एजुकेशन यूनिवर्सिटी और उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के प्राइवेट B.Ed कॉलेजों में चल रहे फर्जीवाड़े के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। शिकायतों के बाद 451 कॉलेजों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 80% कॉलेजों ने गुरुवार तक अपने जवाब भेज दिए हैं। हालांकि, संतोषजनक जवाब देने वाले संस्थानों का भी दोबारा इंस्पेक्शन होने की पूरी संभावना है क्योंकि सरप्राइज इंस्पेक्शन के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए थे। 150 टीमों द्वारा चलाए गए इस ''सर्जिकल स्ट्राइक'' अभियान में यह पाया गया कि कई कॉलेजों के कागजी पतों पर या तो प्राइवेट प्राइमरी स्कूल चल रहे हैं या स्थानीय युवक ताश खेलते नजर आए, और कई जगहों पर तो अस्तित्व ही नहीं मिला।

अगले हफ्ते जारी होगी नई लिस्ट

कुल 601 प्राइवेट B.Ed कॉलेजों में से फिलहाल सिर्फ 175 कॉलेज ही एडमिशन प्रक्रिया में शामिल हो पाए हैं और बाकियों को अभी मंजूरी नहीं मिली है। यूनिवर्सिटी को अंदेशा है कि करीब 80 कॉलेज नोटिस का जवाब ही नहीं देंगे क्योंकि उनके पते फर्जी हैं। इसके बावजूद, वीसी ने स्पष्ट किया है कि 14 अक्टूबर तक एडमिशन पूरे किए जा सकते हैं। कॉलेजों से मिले जवाबों की बारीकी से जांच के बाद अगले हफ्ते अधिकृत लिस्ट जारी कर दी जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in